कोलंबो: क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी राइवलरी यानी भारत बनाम पाकिस्तान मैच का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इस बार विलेन ‘बारिश’ बन सकती है। टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में 15 फरवरी को होने वाले इस मैच पर काले बादल छाए हुए हैं।
वेदर रिपोर्ट: 24 घंटे बारिश का साया
मौसम विभाग के अनुसार, 15 फरवरी को कोलंबो में पूरे 24 घंटे बारिश का अनुमान है। मैच के लिहाज से आंकड़े डराने वाले हैं:
-
सुबह से दोपहर (9 AM – 3 PM): 50% से 60% तक बारिश की संभावना।
-
मैच के दौरान (7 PM – 12 AM): राहत की बात यह है कि शाम को बारिश की आशंका घटकर 10% से 20% रह जाएगी, लेकिन गीला मैदान खेल की शुरुआत में देरी कर सकता है।
-
मैच से एक दिन पहले (14 फरवरी): शनिवार को भी दोपहर तक 35% बारिश के आसार हैं।
कोलंबो पहुंची टीमें, नंबर-1 की जंग
भारतीय टीम शुक्रवार रात करीब 10 बजे कोलंबो पहुँच चुकी है। टीम इंडिया ने अपने शुरुआती मैचों में अमेरिका और नामीबिया को हराकर शानदार फॉर्म दिखाई है। दूसरी ओर, पाकिस्तान की टीम पहले से ही कोलंबो में है और उसने अमेरिका व नीदरलैंड को शिकस्त दी है।
दांव पर क्या है? जो भी टीम 15 फरवरी का यह मुकाबला जीतेगी, वह पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 के पायदान पर अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर लेगी।
कोलंबो में अचानक बारिश क्यों?
श्रीलंका में आमतौर पर दिसंबर से फरवरी के बीच उत्तरी इलाकों (जाफना, पुत्तालम) में बारिश होती है। हालांकि, इस बार हवाओं का रुख उत्तर से दक्षिण की ओर होने और जलवायु परिवर्तन (Climate Change) के कारण कोलंबो में भी भारी बारिश की स्थिति बनी हुई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad