कोलंबो: आर. प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ 61 रनों की शानदार जीत दर्ज करने के बाद जहां भारतीय टीम को जश्न में डूबा होना चाहिए था, वहीं मैदान से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। मैच के आखिरी पलों में स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और स्पिनर कुलदीप यादव के बीच जबरदस्त बहस देखने को मिली, जिसने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है।
कैच छूटा और छक्का लगा: यहाँ से शुरू हुआ विवाद
विवाद की जड़ पाकिस्तान की पारी का 18वां ओवर था। हार्दिक पंड्या गेंदबाजी कर रहे थे और क्रीज पर शाहीन अफरीदी मौजूद थे। हार्दिक की एक शॉर्ट गेंद पर अफरीदी ने पुल शॉट खेला। गेंद सीधे बाउंड्री पर खड़े कुलदीप यादव के हाथों में गई, लेकिन कुलदीप ने न केवल एक आसान कैच टपकाया, बल्कि गेंद उनके हाथों से छिटककर सीमा रेखा के पार छक्के के लिए चली गई। उस वक्त तो हार्दिक शांत रहे, लेकिन उनके चेहरे पर निराशा साफ देखी जा सकती थी।
विकेट के जश्न में निकला गुस्सा
हार्दिक का असली रौद्र रूप तब देखने को मिला जब उसी ओवर की अंतिम गेंद पर उन्होंने उस्मान तारिक को आउट कर पाकिस्तान की पारी को 114 रनों पर समेट दिया। जैसे ही पूरी टीम जीत और विकेट का जश्न मनाने के लिए इकट्ठा हुई, हार्दिक ने कुलदीप यादव को आड़े हाथों ले लिया। वायरल वीडियो में हार्दिक काफी आक्रामक अंदाज में कुलदीप को कैच छोड़ने की गलती पर फटकार लगाते दिख रहे हैं। वहीं, कुलदीप काफी मायूस नजर आए और उन्होंने अपनी सफाई देने की कोशिश भी की।
सीनियर खिलाड़ियों ने किया बीच-बचाव
मैदान पर तनाव बढ़ता देख कप्तान और अन्य साथी खिलाड़ियों को बीच-बचाव करना पड़ा। दिलचस्प बात यह रही कि कुलदीप यादव इस दौरान सूर्यकुमार यादव से भी कुछ कहते हुए काफी निराश दिखे। हालांकि भारत ने मैच जीत लिया है, लेकिन मैदान पर दो प्रमुख खिलाड़ियों के बीच हुई यह ‘जुबानी जंग’ चर्चा का विषय बनी हुई है।
