Sports Desk: यह क्रिकेट इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है! भारतीय टीम ने अपनी बादशाहत कायम रखते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रनों का विशाल और ऐतिहासिक स्कोर खड़ा किया, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
इस जीत के साथ ही कप्तान सूर्यकुमार यादव विश्व विजेता कप्तान बन गए हैं, वहीं गौतम गंभीर ने एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है जिसने उन्हें दिग्गज एमएस धोनी से भी आगे खड़ा कर दिया है।
गौतम गंभीर: तीन विश्व कप जीतने वाले ‘महानायक’
गौतम गंभीर अब भारत के लिए सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने वाले शख्स बन गए हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर वह 2007 टी20 वर्ल्ड कप (फाइनल में 75 रन) और 2011 वनडे वर्ल्ड कप (फाइनल में 97 रन) की जीत का मुख्य हिस्सा थे। अब बतौर मुख्य कोच अपना पहला वर्ल्ड कप जीतकर उन्होंने इतिहास रच दिया है। कुल 3 वर्ल्ड कप खिताबों के साथ गंभीर ने एमएस धोनी (2 खिताब) को पीछे छोड़ दिया है।
बल्लेबाजों का तूफान और अभिषेक का रिकॉर्ड
भारतीय पारी की शुरुआत किसी चक्रवात से कम नहीं थी। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पहले 6 ओवरों में ही 92 रन कूटकर कीवी गेंदबाजों की कमर तोड़ दी।
-
अभिषेक शर्मा: मात्र 18 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टी20 वर्ल्ड कप फाइनल की सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने 52 रनों की पारी खेली।
-
ईशान किशन: मध्यक्रम में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
गेंदबाजों ने ढाया कहर
255 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय आक्रमण के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।
-
जसप्रीत बुमराह: घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए।
-
अक्षर पटेल: अपनी फिरकी का जादू चलाते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके।
