अमृतसर: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज अपने परिवारों के साथ सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए। गुरु घर में माथा टेकने के बाद सूचना केंद्र के बाहर पत्रकारों से रूबरू होते हुए अरविंद केजरीवाल ने भावुक होते हुए कहा कि वे आज अकाल पुरख का शुक्राना करने और गुरु साहिब का आशीर्वाद लेने आए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान भी उनके साथ मौजूद रहे।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान अरविंद केजरीवाल ने अपने कानूनी मामलों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “मुझे झूठे केस में फंसाने की साजिश रची गई थी, लेकिन गुरु साहिब की अपार कृपा और आशीर्वाद से आज मुझे न्याय मिला है। माननीय अदालत ने मुझे आरोपों से बरी कर दिया है, इसलिए मैं आज नतमस्तक होकर परमात्मा का धन्यवाद करने पहुंचा हूं।” उन्होंने इसे सच्चाई और न्याय की बड़ी जीत बताया।
केजरीवाल ने पंजाब सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनता से किए गए लगभग सभी चुनावी वादे पूरे कर दिए हैं। उन्होंने भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में पंजाब को और अधिक खुशहाल और प्रगतिशील बनाने के लिए विशेष रोडमैप तैयार किया गया है। केजरीवाल ने भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी पंजाब के विकास के लिए दिन-रात समर्पित होकर काम करती रहेगी।
