चंडीगढ़: पंजाब की धरती पर आज निवेश के एक नए युग का आगाज़ हो गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026’ के शानदार शुभारंभ के साथ ही राज्य की प्रगति का नया रोडमैप पेश किया है। इस समिट के पहले ही दिन मुख्यमंत्री ने दुनिया की जानी-मानी स्टील कंपनी ‘आर्सेलर मित्तल’ के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन लक्ष्मी निवास मित्तल के साथ उनके चंडीगढ़ स्थित आवास पर एक विशेष और बेहद महत्वपूर्ण बैठक की।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुओं और पीरों की इस पवित्र धरती पर पहुंचे देश-दुनिया के नामी उद्योगपतियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने ट्वीट के जरिए जानकारी साझा की कि ‘प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026’ राज्य को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि पंजाब अब निवेश के लिए ग्लोबल मैप पर पहली पसंद बनकर उभर रहा है।
लक्ष्मी निवास मित्तल के साथ हुई इस उच्च स्तरीय मुलाकात के दौरान पंजाब में बड़े स्तर पर निवेश लाने और राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उद्योगों के लिए राज्य में एक बेहतरीन माहौल तैयार कर चुकी है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार उद्योगों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि प्रदेश की आर्थिकी को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने समिट के जरिए सभी हितधारकों को एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “आइए मिलकर ‘रंगला पंजाब’ बनाएं!” उद्योगपतियों के साथ हो रही ये मुलाकातें न केवल राज्य में पूंजी निवेश बढ़ाएंगी, बल्कि बुनियादी ढांचे के विकास और औद्योगिक क्रांति की नई इबारत भी लिखेंगी।
