Entertainment desk: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ अपनी भव्य कास्टिंग को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर (राम) और साईं पल्लवी (सीता) के साथ अब एक और दिलचस्प नाम जुड़ गया है। पिछले काफी समय से कयास लगाए जा रहे थे कि बॉबी देओल इस फिल्म में ‘कुंभकरण’ बनेंगे, लेकिन हालिया रिपोर्ट्स ने इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया है।
बॉबी देओल की जगह फैजल मलिक की एंट्री
ताजा जानकारी के अनुसार, ‘पंचायत’ सीरीज के चहेते कलाकार फैजल मलिक अब रावण के भाई कुंभकरण के रूप में बड़े पर्दे पर तहलका मचाएंगे। हालांकि पहले बॉबी देओल का नाम जोड़ा जा रहा था, लेकिन अब साफ हो गया है कि वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं हैं।
यश के साथ शूट हुआ धमाकेदार इंट्रोडक्शन सीन
खबरों की मानें तो फैजल मलिक ने अपनी शूटिंग भी शुरू कर दी है। उन्होंने मुंबई के प्राइम फोकस स्टूडियो में रावण का किरदार निभा रहे दक्षिण भारतीय सुपरस्टार यश के साथ एक विशेष सीन शूट किया है। यह कुंभकरण का इंट्रोडक्शन सीन होगा, जिसे इंटरनेशनल एक्शन क्रू की मदद से तैयार किया गया है।
‘अवतार’ जैसे ग्राफिक्स और वीएफएक्स का जादू
फिल्म के दृश्यों को लेकर दावा किया जा रहा है कि इनका स्तर हॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘अवतार’ जैसा होगा। विशेष रूप से कुंभकरण से जुड़े सीन ग्राफिक्स से भरपूर होंगे, जो दर्शकों को एक बिल्कुल नया सिनेमाई अनुभव प्रदान करेंगे।
क्यों चुने गए फैजल मलिक?
सूत्रों का कहना है कि फैजल मलिक का चयन उनकी पर्सनैलिटी की वजह से हुआ है। उनकी अच्छी लंबाई और भारी शरीर कुंभकरण के भीमकाय किरदार के लिए पूरी तरह फिट बैठता है। हालांकि, फिल्म की टीम और फैजल ने अभी तक आधिकारिक रूप से इस खबर पर मुहर नहीं लगाई है।
बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं फैजल
फैजल मलिक ने ‘पंचायत’ के चारों सीजन में प्रहलाद पांडे के किरदार से अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है। उन्होंने साबित किया है कि वह केवल कॉमेडी ही नहीं, बल्कि गंभीर और भावुक दृश्यों को भी उतनी ही शिद्दत से निभा सकते हैं। हाल ही में उन्हें अनिल कपूर की फिल्म ‘सूबेदार’ में ‘सॉफ्टी भैया’ के रूप में भी काफी पसंद किया गया।