Sports Desk: टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव, अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ मसूरी में शादी के बंधन में बंधने के बाद, आज यानी 17 मार्च को लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन देने जा रहे हैं। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित शहर के मशहूर फाइव-स्टार होटल ‘द सेंट्रम’ (The Centrum) में इस हाई-प्रोफाइल समारोह का आयोजन किया गया है, जिसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
दिग्गज मेहमानों की लगेगी कतार इस रिसेप्शन में क्रिकेट के मैदान से लेकर सियासत के गलियारों तक के बड़े नामों के शामिल होने की उम्मीद है। संभावित मेहमानों की सूची में कप्तान रोहित शर्मा, सुनील गावस्कर, गौतम गंभीर, शिखर धवन और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गज शामिल हैं। वहीं, राजनीतिक जगत से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बीसीसीआई सचिव जय शाह के पहुंचने की भी प्रबल संभावना है।

शुद्ध शाकाहारी होगा शाही दस्तरख्वान रिसेप्शन की सबसे खास बात यहाँ का मेन्यू है। कुलदीप यादव ने अपने मेहमानों के लिए पूरी तरह से शाकाहारी (Pure Veg) दावत का इंतजाम किया है। लखनऊ के मशहूर अवधी और नवाबी जायके को शाकाहारी अंदाज में परोसा जाएगा। होटल के विशेष शेफ पारंपरिक ‘दम’ कुजीन और सिग्नेचर डिशेज तैयार करने में जुटे हैं, ताकि मेहमानों को नवाबी मेहमाननवाजी का असली अनुभव मिल सके।
लग्जरी और सादगी का संगम शादी के बाद कुलदीप और वंशिका का परिवार मसूरी से लखनऊ पहुंच चुका है। जिस होटल में यह आयोजन हो रहा है, वह अपनी शानदार वास्तुकला और लाइव किचन के लिए जाना जाता है। शांत माहौल और भव्य सजावट के बीच होने वाले इस समारोह को लेकर फैंस के बीच भी काफी उत्साह है। क्रिकेट और राजनीति की इन हस्तियों का एक साथ जुटना इस शाम को यादगार बनाने वाला है।