Sports Desk: भारतीय स्टार स्पिनर कुलदीप यादव और उनकी दुल्हन वंशिका सिंह की शादी का भव्य रिसेप्शन मंगलवार को लखनऊ के आलीशान होटल ‘द सेंट्रम’ में संपन्न हुआ। इस शाही समारोह में खेल, राजनीति और मनोरंजन जगत की दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की।
विंटेज कार में शाही एंट्री और लुक
रिसेप्शन का सबसे आकर्षक पल कुलदीप और वंशिका की ग्रैंड एंट्री रही। यह जोड़ा दिल्ली से विशेष रूप से मंगवाई गई 1960 मॉडल की विंटेज रोल्स-रॉयस कार में सवार होकर पहुंचा। फूलों की बारिश के साथ इस नवविवाहित जोड़े का जोरदार स्वागत किया गया। कुलदीप ने ब्लैक कलर का प्रिंस सूट पहना था, जबकि वंशिका क्रीम कलर की कढ़ाई वाली साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आ रही थीं।
दिग्गज हस्तियों का जमावड़ा
इस समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला सहित कई बड़े राजनेता पहुंचे। कुलदीप ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैर छूकर आशीर्वाद लिया, वहीं अखिलेश यादव ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दीं। खेल जगत से टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर, शिखर धवन और रवींद्र जडेजा अपनी पत्नी के साथ इस जश्न का हिस्सा बने।
बचपन की दोस्ती बदली रिश्ते में
कुलदीप और वंशिका बचपन के दोस्त हैं और दोनों का परिवार कानपुर में पास-पास ही रहता है। वंशिका ने अपनी उच्च शिक्षा ऑस्ट्रेलिया से पूरी की है। उनकी माता वंदना सिंह ऑस्ट्रेलिया में कॉर्पोरेट सेक्टर में सक्रिय हैं और पिता अवनिंद्र सिंह LIC कानपुर में कार्यरत हैं। आपको बता दें कि इस जोड़ी ने 14 मार्च को उत्तराखंड के मसूरी में एक निजी समारोह के दौरान शादी की थी।