Sports Desk: सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले एक और बुरी खबर सामने आई है। टीम के स्टार ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स हैमस्ट्रिंग की गंभीर चोट के कारण आगामी सीजन से पूरी तरह बाहर हो गए हैं। हैदराबाद ने उन्हें पिछले साल की नीलामी में 3 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर खरीदा था, लेकिन अब वह पूरे टूर्नामेंट में खेलते नजर नहीं आएंगे।
जैक एडवर्ड्स को यह चोट ऑस्ट्रेलिया के घरेलू टूर्नामेंट ‘शेफील्ड शील्ड’ के एक मैच के दौरान लगी। मेडिकल टीम ने स्कैन के बाद उन्हें लंबे समय तक आराम और रिहैबिलिटेशन की सलाह दी है। एडवर्ड्स अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मध्यम गति की गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, और उनका बाहर होना हैदराबाद के टीम संतुलन के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
हैदराबाद की मुश्किलें इसलिए भी बढ़ गई हैं क्योंकि टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस पहले से ही पीठ की चोट के कारण शुरुआती मैचों से बाहर हैं। कमिंस की अनुपस्थिति में ईशान किशन को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में एक के बाद एक स्टार खिलाड़ियों का चोटिल होना फ्रैंचाइज़ी और फैंस दोनों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
एडवर्ड्स का टी20 रिकॉर्ड काफी प्रभावी रहा है, जहां उन्होंने 77 मैचों में 853 रन बनाने के साथ-साथ 52 विकेट भी चटकाए हैं। अब सनराइजर्स हैदराबाद की टीम उनके विकल्प के तौर पर किसी नए खिलाड़ी की तलाश में जुट गई है। देखना होगा कि इस बड़े नुकसान की भरपाई टीम प्रबंधन किस तरह करता है।