Sports Desk: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के आगाज के साथ ही इसकी व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने पीएसएल के खराब मैनेजमेंट और कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस के आयोजन पर अपनी कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सरेआम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की आलोचना करते हुए कहा कि इतने बड़े ब्रांड का आयोजन किसी लोकल टूर्नामेंट की तरह किया जा रहा है।
वलीमे की टेबल से तुलना
कामरान अकमल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के सेटअप पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें ऐसा लग रहा था जैसे कप्तानों को किसी ‘वलीमे’ (शादी की दावत) की टेबल पर बिठाया गया हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि पीएसएल एक अंतरराष्ट्रीय ब्रांड है और इसे प्रोफेशनल तरीके से ऑर्गनाइज किया जाना चाहिए था, न कि किसी घरेलू दावत की तरह।
विदेशी कप्तानों की उलझन
अकमल ने आयोजन में अनुशासन की कमी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि वहां कप्तानों को एक साथ बिठाकर ‘खिचड़ी’ बना दी गई थी, जिससे किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था। विदेशी कप्तानों (गोरों) को तो यह भी पता नहीं चल रहा था कि सवाल किससे हो रहा है, और शाहीन अफरीदी को बार-बार उन्हें अनुवाद करके समझाना पड़ रहा था।
अनुशासनहीनता और फोन का इस्तेमाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खिलाड़ियों के व्यवहार से भी अकमल नाखुश दिखे। उन्होंने हैरानी जताई कि जब सवाल-जवाब हो रहे थे, तब विदेशी कप्तान अपने फोन चलाने में व्यस्त थे। अकमल ने कहा कि पीसीबी को इन चीजों को बेहतर तरीके से मैनेज करना चाहिए था ताकि दुनिया को पता चलता कि एक बड़ा टूर्नामेंट शुरू हो रहा है।