पंजाब की बेटी से नूंह में दरिंदगी: शादी का झांसा देकर नर्स को बनाया बंधक, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Punjab

Punjab Desk: हरियाणा के नूंह जिले से एक बेहद ही गंभीर और दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पंजाब की रहने वाली 25 वर्षीय एक नर्स को बंधक बनाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी जहीर जो कि धोंध गांव का निवासी और पेशे से ट्रक ड्राइवर है, उसने नर्स से ऑनलाइन दोस्ती की और फिर शादी का झांसा देकर उसे नूंह बुलाया। वहां आरोपी ने उसे बंधक बना लिया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता का आरोप है कि जहीर ने उस पर इस्लाम धर्म अपनाने के लिए लगातार दबाव डाला और जब उसने इनकार किया, तो उसे जान से मारने तथा उसके आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। शनिवार की रात पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से भागने में सफल रही और फिरोजपुर झिरका पुलिस थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई।

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जहीर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और हरियाणा गैरकानूनी धर्म परिवर्तन निवारण अधिनियम 2022 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। डीएसपी अजायब सिंह और एसएचओ कुलदीप सिंह ने पुष्टि की है कि आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *