Entertainment Desk: रियलिटी शो ‘द 50’ के खत्म होने के बाद प्रिंस नरूला और दिव्या अग्रवाल के बीच का विवाद अब सार्वजनिक हो गया है। कभी एक-दूसरे को भाई-बहन मानने वाले इन सितारों के बीच अब तीखी बयानबाजी का दौर चल रहा है। शो के दौरान शुरू हुई यह अनबन अब निजी हमलों तक पहुँच गई है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब प्रिंस नरूला ने एक इंटरव्यू में दिव्या पर तंज कसते हुए कहा, “मेरी बहन को कहना चाहूंगा कि 2 पेग कम मारा करो।” प्रिंस की इस टिप्पणी ने आग में घी डालने का काम किया। दिव्या अग्रवाल ने इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें करारा जवाब दिया।
दिव्या ने सोशल मीडिया पर प्रिंस को ‘एक्स-ब्रदर’ संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें कहीं और से फेम बटोरने की कोशिश करनी चाहिए। दिव्या ने यह भी साफ कर दिया कि वह किसी के बाप से नहीं डरतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रिंस के फैंस उन्हें गंदे मैसेज और धमकियां दे रहे हैं।
दूसरी तरफ, प्रिंस नरूला ने इन आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि शो के अंदर जो भी हुआ वह सिर्फ गेम की रणनीति थी। प्रिंस ने दिव्या पर ही फुटेज पाने के लिए रिश्ते बनाने का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने किसी को पर्सनली नुकसान पहुँचाने की कोशिश नहीं की।
इस शोर-शराबे के बीच ‘द 50’ को अपना विजेता मिल गया है। शिव ठाकरे ने फिनाले में सबसे तेज टास्क पूरा कर ट्रॉफी अपने नाम की। दिलचस्प बात यह रही कि प्रिंस नरूला ने खुद अपनी फाइनल की जगह शिव को दे दी थी, जिसके बाद शिव ने यह जीत हासिल की।
यह शो अपने अनोखे कॉन्सेप्ट की वजह से काफी चर्चा में रहा। फिनाले में शिव ठाकरे के साथ फैसल शेख, रजत दलाल, कृष्णा शरीफ और इम्मोर्टल काका जैसे मजबूत कंटेस्टेंट्स भी पहुंचे थे। हालांकि, फिलहाल शो की जीत से ज्यादा प्रिंस और दिव्या का झगड़ा सुर्खियों में बना हुआ है।