Sports Desk: आईपीएल 2026 का चौथा मैच आज पंजाब किंग्स (PBKS) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस का समय शाम 7:00 बजे तय किया गया है। दोनों टीमों के बीच अब तक का रिकॉर्ड बराबरी का रहा है, जहां 6 मुकाबलों में से दोनों ने 3-3 मैच जीते हैं।
पंजाब किंग्स: खिताब के सूखे को खत्म करने की चुनौती
पिछले सीजन की रनर-अप रही पंजाब किंग्स इस बार अपने पहले खिताब के इंतजार को खत्म करना चाहेगी। टीम का टॉप ऑर्डर प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह की जोड़ी पर निर्भर है, वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर नंबर तीन की जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि, टीम को तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन की कमी खलेगी, जो पैटर्निटी लीव के कारण शुरुआती मैचों से बाहर हैं। उनकी जगह जैवियर बार्टलेट या बेन ड्वारशस को मौका मिल सकता है।
गुजरात टाइटंस: बटलर की फॉर्म बनी चिंता का विषय
2022 की चैंपियन गुजरात टाइटंस एक बार फिर शुभमन गिल की कप्तानी में मैदान पर उतरेगी। टीम के पास साई सुदर्शन और ग्लेन फिलिप्स जैसे इन-फॉर्म खिलाड़ी हैं, लेकिन जोस बटलर की मौजूदा फॉर्म टीम के लिए चिंता का सबब बनी हुई है। गुजरात का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत नजर आ रहा है, जिसमें राशिद खान के साथ कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे दिग्गज शामिल हैं।
पिच और मौसम का मिजाज
मुल्लांपुर की पिच को संतुलित माना जाता है, जहां शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है और बाद में बल्लेबाजी आसान हो जाती है। इस मैदान पर अब तक खेले गए 11 मैचों में से 6 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। मौसम की बात करें तो मंगलवार को यहां 25% बारिश की आशंका जताई गई है, जिससे मैच में खलल पड़ सकता है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-12
-
पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, मिचेल ओवेन, शशांक सिंह, नेहल वाधेरा, मार्कस स्टोयनिस, मार्को यानसन, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल और बेन ड्वारशस।
-
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, साई किशोर, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।