अपनों के बीच भावुक हुए CM मान: पैतृक गांव सतौज में हुई जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग

Punjab

Punjab Desk: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शुक्रवार सुबह अपने पैतृक गांव सतौज पहुंचे, जहां उनके पहुंचने से ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया। मुख्यमंत्री का यह दौरा काफी खास रहा क्योंकि उनके जीवन के संघर्ष और राजनीतिक सफर पर बन रही एक विशेष डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग भी इसी गांव की पृष्ठभूमि में की गई।

इस भावुक सफर के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनकी माता, बहन और अन्य परिवारजन भी मौजूद रहे। गांव पहुंचकर मुख्यमंत्री सबसे पहले अपने पुराने घर गए और बचपन की यादों को ताजा किया। इसके बाद उन्होंने गांव के खेल मैदान और धर्मशाला का दौरा करने के साथ-साथ स्थानीय धार्मिक डेरे और ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर आशीर्वाद लिया।

गुरुद्वारा साहिब की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा कि सतौज की मिट्टी और गुरुघर के दर्शन से उन्हें असीम मानसिक शांति मिली है। उन्होंने कहा कि जनता का यह अटूट प्यार और सम्मान उनकी जिम्मेदारियों को और बढ़ा देता है और वे हमेशा लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। इस डॉक्यूमेंट्री में मुख्यमंत्री मान के बचपन के दिनों से लेकर उनके संघर्ष और फिर पंजाब की कमान संभालने तक की पूरी यात्रा को बारीकी से दिखाया जाएगा।

मुख्यमंत्री के दौरे और शूटिंग के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। सुरक्षा कारणों से पूरे गांव को अस्थाई रूप से सील कर दिया गया था और सभी प्रवेश द्वारों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। किसी भी बाहरी व्यक्ति या वाहन को गांव के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई और स्थानीय निवासियों को भी कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही आवाजाही करने दी गई। अपने ‘लाडले’ नेता को अपने बीच पाकर गांव वालों की खुशी देखते ही बन रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *