चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के फैसलों पर सवाल उठाना उनकी हताशा और सिख मर्यादाओं के प्रति शून्य सम्मान को दर्शाता है।
सुखबीर बादल पर आरोप: पवित्र संस्थाओं को निशाना
कंग ने कहा कि जिस तरह सुखबीर बादल अब अपनी राजनीतिक जमीन खिसकते देख पवित्र संस्थाओं को निशाना बना रहे हैं, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि सिखों की सर्वोच्च संस्था की इज्जत पर सवाल उठाना गंभीर और अस्वीकार्य है।
दोहरा चरित्र उजागर
सांसद कंग ने याद दिलाया कि जब पहले सुखबीर सिंह बादल को श्री अकाल तख्त साहिब ने तलब किया था, तब उन्होंने गुरु महाराज की पावन उपस्थिति में अपनी गलतियों को स्वीकार किया था। पूरी दुनिया ने लाइव प्रसारण के माध्यम से इसे देखा। लेकिन इसके तुरंत बाद श्री मुक्तसर साहिब की रैली में उन्होंने अपने सुर बदल लिए और कहा कि उन्होंने कोई गुनाह नहीं किया है। कंग ने इसे उनके अहंकार और सिख कौम के प्रति बेरुखी का प्रमाण बताया।
‘साजिश’ वाला बयान निंदनीय
कंग ने सुखबीर बादल के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब में अपने खिलाफ ‘साजिश’ होने की बात कही थी। कंग ने कहा कि पाँच सिंह साहिबान ने गुरु महाराज की हजूरी में बैठकर सिख मर्यादाओं और गौरवशाली इतिहास के आधार पर फैसला सुनाया, उसे ‘साजिश’ कहना इतिहास की सबसे दुखद और शर्मनाक घटनाओं में से एक है।
पंथ की प्रतिक्रिया और चेतावनी
कंग ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ पंजाब के लोग लगातार सजा दे रहे हैं, लेकिन अब उन्होंने सिखों की सर्वोच्च संस्था की साख और फैसलों पर उंगली उठाकर पूरी कौम को आहत किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि संगत और पंथ आने वाले समय में इस गुस्ताखी के लिए उन्हें कड़ी सजा देंगे।