फरीदाबाद। फरीदाबाद के सेक्टर-76 स्थित मशहूर रियल एस्टेट कंपनी बीपीटीपी (BPTP) ग्रुप के दफ्तर पर मंगलवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। दिल्ली से आई CBI की 4 सदस्यीय टीम ने सुबह 7 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक कंपनी के रिकॉर्ड्स और वित्तीय दस्तावेजों को खंगाला।
जांच का मुख्य केंद्र: वित्तीय अनियमितता
सूत्रों के अनुसार, CBI की टीम ने कंपनी के बैंक खातों से जुड़े विवरणों, लेनदेन की प्रक्रिया और ग्राहकों को बेचे गए घरों से संबंधित दस्तावेजों की गहन पड़ताल की। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना था कि घरों की बिक्री और वित्तीय लेनदेन में कोई धांधली या अनियमितता तो नहीं हुई है। इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों ने अधिकारियों को जांच में पूरा सहयोग दिया और मांगे गए सभी दस्तावेज उपलब्ध कराए। शाम को जरूरी कागजात अपने कब्जे में लेकर CBI की टीम वापस दिल्ली लौट गई।
देशभर के 8 राज्यों में 77 ठिकानों पर रेड
यह कार्रवाई देशभर में चल रही एक व्यापक जांच का हिस्सा है। CBI ने बिल्डरों और वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों की कथित मिलीभगत के मामलों में 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 77 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर दर्ज हुए 22 नए केस
CBI द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार:
-
यह कार्रवाई माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए की जा रही है।
-
एजेंसी ने विभिन्न बिल्डरों के खिलाफ 22 नए मामले दर्ज किए हैं।
-
आरोप है कि बिल्डरों और कुछ बैंक अधिकारियों ने मिलकर घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी की है, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
-
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 28 मामले दर्ज किए गए थे, जिनकी जांच लगभग पूरी हो चुकी है। इन 22 नए मामलों के साथ अब कुल मामलों की संख्या 50 हो गई है।