HomeHaryanaनिकाय चुनाव का शंखनाद: दिल्ली में जुटी हरियाणा भाजपा की 'इलेक्शन कमेटी',...

निकाय चुनाव का शंखनाद: दिल्ली में जुटी हरियाणा भाजपा की ‘इलेक्शन कमेटी’, इन 7 शहरों के लिए तैयार हुई ‘विजय रणनीति’

चंडीगढ़ : दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश चुनाव समिति की एक अहम बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर व्यापक मंथन किया गया और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली, और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल समेत पार्टी के सभी दिग्गज नेता मौजूद रहे।

इन 7 स्थानों पर है भाजपा की नजर

बैठक में 6 जिलों के सात प्रमुख स्थानों पर होने वाले चुनावों को लेकर प्रभारियों ने अपनी रिपोर्ट पेश की:

  • नगर निगम: सोनीपत, अंबाला और पंचकूला।

  • नगर परिषद/पालिका: रेवाड़ी, धारूहेड़ा, उकलाना और सांपला।

कार्यकर्ताओं की राय और सरकार की योजनाएं ही ‘हथियार’

बैठक में सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि प्रत्याशियों के चयन में जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की राय को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “भाजपा सरकार की जनहितकारी नीतियों और विकास कार्यों के दम पर हम निकाय चुनावों में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।” पार्टी मोदी और सैनी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।

प्रत्याशियों के चयन के लिए हुई ‘बड़ी रायशुमारी’

प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि रेवाड़ी, रोहतक, हिसार, सोनीपत, अंबाला और पंचकूला में उम्मीदवारों के चयन के लिए बड़े स्तर पर रायशुमारी की जा चुकी है। उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। बैठक के दौरान चुनाव संकल्प पत्र के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।

बैठक में दिग्गज नेताओं की मौजूदगी

इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, राव इंद्रजीत सिंह, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, डा. सुधा यादव, और संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा के अलावा हरियाणा कैबिनेट के कई मंत्री (अरविंद शर्मा, कृष्ण बेदी, विपुल गोयल आदि), सांसद धर्मबीर सिंह और कई पूर्व मंत्री व विधायक शामिल हुए। चुनाव प्रभारियों और जिला अध्यक्षों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की जमीनी फीडबैक साझा की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments