चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में आज दोपहर 3:30 बजे उनके सरकारी आवास पर कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। आधिकारिक तौर पर एजेंडा घोषित न होने के कारण इस मीटिंग को लेकर कयासों का बाजार गर्म है।
बैठक के संभावित मुख्य बिंदु:
-
टेबल एजेंडा पर चर्चा: सूत्रों का कहना है कि यह बैठक ‘टेबल एजेंडा’ आधारित हो सकती है। इसका मतलब है कि कई ऐसे प्रस्ताव अचानक सामने आ सकते हैं जिन्हें पहले से लिस्ट नहीं किया गया है।
-
राजनीतिक घटनाक्रम और फीडबैक: हाल ही में आम आदमी पार्टी के कुछ राज्यसभा सांसदों द्वारा पार्टी से दूरी बनाने के बाद उपजी स्थितियों पर कैबिनेट मंत्रियों से फीडबैक लिया जा सकता है। पार्टी की मजबूती और भविष्य की रणनीति पर चर्चा संभव है।
-
विदेशी निवेश और औद्योगिक विकास: मुख्यमंत्री हाल ही में अपने विदेशी दौरे से लौटे हैं, जहाँ उन्होंने पंजाब में निवेश के लिए अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से मुलाकात की थी। आज की बैठक में नए औद्योगिक प्रस्तावों और निवेश को धरातल पर उतारने के लिए मोहाली समेत अन्य औद्योगिक क्षेत्रों को बड़ी सौगात मिल सकती है।
क्यों अहम है यह मीटिंग?
मुख्यमंत्री मान के विदेशी दौरे के बाद यह पहली बड़ी औपचारिक बैठक है। माना जा रहा है कि सरकार अब राज्य में औद्योगिक क्रांति और रोजगार सृजन को लेकर कुछ बड़े फैसले ले सकती है। इसके साथ ही, प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाने के लिए कुछ अहम विभागों के फैसलों पर भी मुहर लग सकती है।