एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड अभिनेत्री तनीषा मुखर्जी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने ‘बिग बॉस 7’ के अपने सफर को याद करते हुए उसे एक ‘भयानक अनुभव’ (Traumatic Experience) करार दिया है। तनीषा ने बताया कि शो में जाने का फैसला उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी, क्योंकि उस वक्त वे काफी मासूम थीं और उन्हें रियलिटी शो की कड़वी सच्चाई का अंदाजा नहीं था।
“मेकर्स वही दिखाते हैं, जो वे चाहते हैं”
तनीषा ने खुलासा किया कि उनके एजेंट ने उन्हें यह कहकर शो में भेजा था कि इससे उनकी एक नई इमेज बनेगी और दुनिया उनकी असलियत देख पाएगी। लेकिन हकीकत कुछ और ही निकली। तनीषा ने कहा, “मैं अपनी फेयरी टेल दुनिया में थी। मुझे बाद में समझ आया कि वहां आप दुनिया को कुछ नहीं दिखाते, बल्कि मेकर्स वही दिखाते हैं जो वे दिखाना चाहते हैं।” उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि शो की टीम के कहने पर उन्होंने कभी पहले के सीजन नहीं देखे थे, जो उनकी बड़ी भूल साबित हुई।
काजोल और अजय देवगन के नाम का हुआ इस्तेमाल
इंटरव्यू के दौरान तनीषा ने अपने परिवार को लेकर भी बात की। उन्होंने बताया कि वे शो में इसलिए खामोश रहती थीं ताकि उनके परिवार की साख पर आंच न आए। लेकिन दूसरी तरफ, अन्य कंटेस्टेंट्स उनके परिवार का नाम लेकर ‘स्क्रीन टाइम’ बटोरने की कोशिश करते थे। तनीषा ने तंज कसते हुए कहा, “लोग मेरी बहन काजोल और जीजा अजय देवगन को लेकर बातें करते थे। मैं सोचती थी कि क्या मेकर्स उन्हें पैसे दे रहे हैं? वे इतने बड़े स्टार्स हैं, वे फ्री में वहां क्यों आएंगे?” उन्होंने आगे कहा कि उनकी परवरिश ऐसी नहीं थी कि वे किसी दूसरे के परिवार के बारे में गलत बोलें।
अरमान कोहली संग रिश्ते को बताया ‘ट्रॉमा बॉन्ड’
अरमान कोहली के साथ अपने चर्चित अफेयर पर तनीषा ने पहली बार खुलकर बात की। उन्होंने इसे एक ‘ट्रॉमा बॉन्ड’ बताया। तनीषा के अनुसार, ऐसे रियलिटी शोज में हर कोई मानसिक दबाव और तनाव में होता है, जिस कारण लोग एक-दूसरे से इमोशनली जुड़ जाते हैं।
उन्होंने कहा, “वहां बनने वाले रिश्ते सिर्फ उस माहौल की मजबूरी होते हैं। जब आप उस तनावपूर्ण माहौल से बाहर निकलते हैं, तब आपको असलियत का एहसास होता है।” गौरतलब है कि तनीषा और अरमान की मुलाकात इसी शो में हुई थी और साल 2014 में दोनों का ब्रेकअप हो गया था।