Punjab Desk: पंजाब के लुधियाना से पंजाबी मनोरंजन जगत को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। पूर्व गायिका इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 29 वर्षीय गायिका 13 मई से लापता थीं और 19 मई को पुलिस ने उनका शव एक नहर के पास से बरामद किया।
परिवार का आरोप है कि इंदर कौर का पहले अपहरण किया गया और बाद में उनकी हत्या कर दी गई। इस मामले में गायिका के भाई जोतिंदर सिंह ने 15 मई को मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा और उसके सहयोगी करमजीत सिंह के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी।
शिकायत के अनुसार, इंदर 13 मई की शाम अपनी फोर्ड फिगो कार में घर से किराने का सामान लेने निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान परिवार को पता चला कि इंदर कौर पहले से ही मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह को जानती थीं। जोतिंदर सिंह का दावा है कि सुखविंदर उनकी बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन इंदर ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया था। परिवार ने आरोप लगाया है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने बंदूक की नोक पर उनका अपहरण किया और बाद में हत्या कर दी।
परिवार का यह भी कहना है कि वारदात के बाद मुख्य आरोपी कनाडा फरार हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।