Heatwave Alert: पंजाब और चंडीगढ़ के स्कूल 30 जून तक बंद

Punjab

Punjab Desk: भीषण गर्मी को देखते हुए पंजाब और चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने 23 मई तक गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की है। लगातार बढ़ते तापमान और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

चंडीगढ़ के सभी सरकारी और निजी स्कूल 23 मई से 30 जून 2026 तक बंद रहेंगे। हालांकि शिक्षकों को 29 और 30 जून को स्कूल में उपस्थित होना होगा।

पंजाब में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार की तुलना में तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 4.6 डिग्री अधिक है। फरीदकोट राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार आज पंजाब के कई जिलों में लू का असर और तेज हो सकता है। इनमें फिरोजपुर, मोगा, बरनाला, संगरूर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा शामिल हैं। अन्य जिलों में भी गर्म हवाओं और तेज धूप से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना से इनकार किया है। अनुमान है कि आने वाले दिनों में पंजाब के कई इलाकों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि चंडीगढ़ में पारा 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों तक गर्मी और बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि फिरोजपुर, फाजिल्का, बठिंडा, मुक्तसर, मानसा और संगरूर समेत पंजाब के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में तापमान 45 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई उम्मीद नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *