लुधियाना: पंजाब के औद्योगिक महानगर लुधियाना में उस वक्त भारी सनसनी फैल गई, जब लुधियाना नगर निगम के आला अधिकारियों के सरकारी कंप्यूटरों पर एक खौफनाक और धमकी भरा ईमेल आया। इस ईमेल ने पूरे प्रशासनिक, खुफिया और पुलिस अमले में हड़कंप मचा दिया है। ईमेल में सीधे तौर पर लुधियाना के मेयर ऑफिस और मशहूर इंटरनेशनल पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के घर को बम से उड़ाने की खुली चुनौती दी गई है। यह ईमेल सोमवार सुबह नगर निगम कमिश्नर और अन्य उच्च अधिकारियों की सरकारी आईडी पर प्राप्त हुआ।
टाइमिंग तय कर दी धमकी: दोपहर को मेयर ऑफिस और रात को दिलजीत का घर
सुबह करीब 7:28 बजे आए इस ईमेल का सब्जेक्ट “B0mb Blast – Mayor Office Ludhiana!” रखा गया है। धमकी देने वालों ने बकायदा धमाकों का समय भी तय कर रखा है:
-
दोपहर 1:11 बजे: लुधियाना के मेयर कार्यालय पर हमला करने की बात कही गई है।
-
रात 9:11 बजे: मशहूर गायक दिलजीत दोसांझ के लुधियाना स्थित आवास को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है।
-
ईमेल में तल्ख लहजे में यह भी लिखा गया है कि “कोई भी जो दिलजीत दोसांझ की मदद करेगा, मारा जाएगा।”
1984 का जिक्र और 6 जून तक का अल्टीमेटम
इस धमकी भरे पत्र में वर्ष 1984 के सिख दंगों का हवाला देते हुए नफरत फैलाने की कोशिश की गई है और लिखा गया है कि ‘खून का बदला खून’ से लिया जाएगा। दहशत का माहौल बनाने के इरादे से पत्र में चेतावनी दी गई है कि आगामी 6 जून तक लगातार बम धमाकों के जरिए विभिन्न ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा। इस बड़े अल्टीमेटम के बाद केंद्रीय और राज्य की खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का नाम आया सामने
इस बेहद संवेदनशील ईमेल के अंत में इसे भेजने वाले संगठन का नाम ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ (Khalistan National Army) लिखा गया है। इसके साथ ही खुद को इस संगठन से जुड़ा बताने वाले दो कथित व्यक्तियों के नाम भी नीचे दर्ज हैं:
-
इंजीनियर गुरनख सिंह (रुकन शाहवाला)
-
डॉ. गुरनिरवैर सिंह (खान राजादा)
साइबर सेल और पुलिस एक्शन मोड में, सुरक्षा बढ़ाई गई
मेयर और इंटरनेशनल स्टार दिलजीत दोसांझ को एक साथ निशाना बनाने की धमकी मिलने के बाद लुधियाना पुलिस और साइबर सेल की टीमें तुरंत हरकत में आ गई हैं।
तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से इस ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) और इसके मुख्य सोर्स को ट्रेस करने के लिए त्वरित जांच शुरू कर दी गई है। एहतियात के तौर पर मेयर कार्यालय, नगर निगम परिसर, दिलजीत दोसांझ के आवास और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से कड़ा कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की शांति और कानून-व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।