पंजाब निकाय चुनाव: रायकोट, धूरी और जगरांव में भारी हंगामा; कांग्रेस प्रत्याशी पर जानलेवा हमला, केंद्रीय मंत्री बिट्टू की पुलिस से झड़प

Punjab Desk: पंजाब में निकाय चुनाव के लिए हुआ मतदान छिटपुट हिंसा, पथराव और भारी राजनीतिक हंगामे के बीच समाप्त हो गया। राज्य के कई हिस्सों से हिंसक झड़पों, कड़े राजनीतिक गतिरोध और कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ने की खबरें सामने आई हैं। मुख्य रूप से रायकोट, धूरी और जगरांव में स्थिति बेहद तनावपूर्ण रही, जहां नेताओं और समर्थकों के बीच जमकर लात-घूंसे, ईंट-पत्थर और चाकू चले।

रायकोट: वार्ड नंबर 4 बना जंग का मैदान, कांग्रेस उम्मीदवार गंभीर रूप से घायल

रायकोट के वार्ड नंबर चार में मतदान की शुरुआत ही खूनी संघर्ष के साथ हुई। यहाँ से कांग्रेस के प्रत्याशी जगदेव सिंह जग्गा पर सुबह तड़के पोलिंग बूथ के अंदर ही जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावर आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े थे। हमले में जग्गा के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल से एक बड़े निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।

पुरानी रंजिश में बदला चुनाव: पुलिस के अनुसार, कांग्रेस प्रत्याशी जगदेव सिंह जग्गा और ‘आप’ विधायक हाकम सिंह ठेकेदार के करीबी बिंदरजीत सिंह गिल (ट्रक यूनियन प्रधान) दोनों का ही पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। सोमवार रात को डोर-टू-डोर प्रचार के दौरान दोनों गुट आमने-सामने आ गए थे, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में ही कांग्रेस समर्थकों ने बिंदरजीत गिल की बेरहमी से पिटाई कर दी और उनकी पगड़ी भी उछाल दी। इसी रंजिश के चलते सुबह पोलिंग बूथ पर खूनी खेल खेला गया।

धूरी: केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू का हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

धूरी में उस समय सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया, जब भाजपा नेता प्रो. ओंकार सिंह सिद्धू को हिरासत में लिए जाने की खबर पाकर वहां जा रहे केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले को पुलिस ने भारी नाकेबंदी कर रोक दिया। सड़क के बीचों-बीच गाड़ियां खड़ी देखकर केंद्रीय मंत्री भड़क गए और संगरूर की एसएसपी डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी तीखी बहस हुई।

रवनीत बिट्टू ने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस उनके साथ ‘लुका-छिपी’ का खेल खेल रही है और हिरासत में लिए गए भाजपा नेता को एक थाने से दूसरे थाने छिपाया जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा निशाना साधते हुए बिट्टू ने कहा:

“धूरी में सरेआम लोकतंत्र का कत्ल किया जा रहा है और पुलिस ‘आप’ सरकार के इशारे पर काम कर रही है।”

तनाव के बीच जब एक पुलिस अधिकारी ने माहौल शांत करने के लिए केंद्रीय मंत्री को कोल्ड ड्रिंक (ठंडा) ऑफर किया, तो बिट्टू ने तंज कसते हुए कहा— “यह ठंडा ले जाकर अपने मुख्यमंत्री को पिला दो।”

जगरांव: ‘आप’ विधायक से बहस के बाद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के कैमरामैन को मारा चाकू

जगरांव के वार्ड नंबर 1 में भी मतदान के दौरान माहौल उस समय हिंसक हो गया, जब ‘आप’ विधायक सरबजीत कौर मानूके और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सुखविंदर सिंह के बीच पोलिंग बूथ के अंदर खड़े रहने को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। पुलिस ने किसी तरह दोनों को अलग किया, लेकिन इसके कुछ देर बाद ही मामला और बिगड़ गया।

जब इन्फ्लुएंसर सुखविंदर सिंह अपने कैमरामैन गुरवीर सिंह विर्क के साथ वीडियो कवरेज कर रहा था, तभी एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए कुछ अज्ञात युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने इन्फ्लुएंसर की पगड़ी उतार दी और कैमरामैन पर चाकू से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया।

इस घटना के बाद गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु ने सड़क पर धरना देकर ‘आप’ विधायक और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इन्फ्लुएंसर ने सीधे तौर पर विधायक पर हमला करवाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *