HomePunjabकैप्टन अमरिंदर सिंह BJP में ही रहेंगे? पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया ने...

कैप्टन अमरिंदर सिंह BJP में ही रहेंगे? पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया ने दिया बड़ा बयान

Punjab Desk: पंजाब की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने साफ संकेत दिए हैं कि कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा के साथ ही बने रहेंगे और पार्टी के सम्मानित वरिष्ठ नेता हैं।

दरअसल, हाल ही में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस के संपर्क में हैं। उनके इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में अटकलों का दौर शुरू हो गया था। वहीं, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने भाई के निधन पर भाजपा नेताओं द्वारा शोक व्यक्त नहीं किए जाने को लेकर नाराजगी भी जाहिर की थी, जिसके बाद उनकी पार्टी में स्थिति को लेकर कई तरह की चर्चाएं होने लगीं।

इन अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोरंजन कालिया ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब की राजनीति को अच्छी तरह समझते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि कैप्टन पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उनके विचार भाजपा के लिए महत्वपूर्ण हैं।

कालिया ने यह भी कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में संगठनात्मक फैसले और सलाह-मशविरा करने की अपनी प्रक्रिया होती है। भाजपा में हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर भी कई बदलाव हुए हैं, जिनका असर संगठन पर स्वाभाविक रूप से दिखाई देता है। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं।

पूर्व मंत्री ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें बेबुनियाद हैं। साथ ही उन्होंने कैप्टन के भाई के निधन पर संवेदना भी व्यक्त की।

गौरतलब है कि इससे पहले पंजाब भाजपा के प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियेवाल ने भी कहा था कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा कैप्टन अमरिंदर सिंह के संपर्क में होने की बात को ज्यादा राजनीतिक अर्थ नहीं दिए जाने चाहिए। उन्होंने कहा था कि किसी नेता का संपर्क में होना सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इससे किसी संभावित दल-बदल का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments