HomePunjabजालंधर: ज्योति नूरा के पति अभिषेक उस्मान और राहगीर के बीच विवाद,...

जालंधर: ज्योति नूरा के पति अभिषेक उस्मान और राहगीर के बीच विवाद, सड़क पर हुआ हंगामा

जालंधर: शहर के बेरका मिल्क प्लांट चौक के पास वीरवार देर रात कार निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस मामले में सूफी गायिका ज्योति नूरा के पति अभिषेक उस्मान का नाम भी सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, कालिया कॉलोनी निवासी सतिंदर पाल ने आरोप लगाया कि वह अपनी कार लेकर बेरका मिल्क प्लांट की ओर जा रहे थे और उन्होंने वाहन का इंडिकेटर भी दिया हुआ था। इसी दौरान सामने से आई एक कार में सवार कुछ युवकों के साथ रास्ता देने को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने उनके साथ मारपीट की।

सतिंदर पाल के अनुसार, उन्होंने अपने बेटे को मौके पर बुलाया, लेकिन आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि घटना के दौरान उन्होंने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। घायल पिता-पुत्र उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि दूसरी कार कथित तौर पर सूफी गायिका ज्योति नूरा के पति अभिषेक उस्मान से संबंधित थी।

पीड़ित पक्ष ने थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दूसरे पक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कैमरे के सामने कोई बयान देने से इनकार कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-1 के एसएचओ राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम से दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के दो-दो लोग घायल हुए हैं।

एसएचओ ने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments