Under-18 Hockey Asia Cup 2026: भारत ने पाकिस्तान को चखाया धूल, पाकिस्तानी खिलाड़ी की शर्मनाक हरकत का वीडियो वायरल

Sports

Sports Desl: अंडर-18 हॉकी एशिया कप 2026 (Under-18 Hockey Asia Cup 2026) से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शुक्रवार को खेले गए हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 5-3 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली है।

इस मैच में टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी आशीष पूर्ति ने अंतिम क्वार्टर में धमाकेदार खेल दिखाया। उन्होंने लगातार 3 गोल दागकर पासा पलट दिया और भारत को एक यादगार जीत दिलाई। हालांकि, इस ऐतिहासिक जीत के बीच मैदान पर पाकिस्तानी खिलाड़ी की एक बेहद शर्मनाक हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पाकिस्तानी खिलाड़ी ने मैदान पर तार-तार की ‘खेल भावना’

यह पूरा विवाद मैच के तीसरे क्वार्टर में शुरू हुआ, जब भारतीय टीम 2-1 से आगे चल रही थी। मैच के 37वें मिनट में खेल किसी कारणवश रुका हुआ था। इसके बाद अंपायर ने खेल को दोबारा शुरू करने के लिए ‘बुली’ (Bully) का निर्देश दिया।

क्या होती है बुली? हॉकी में जब मैच पेनल्टी या किसी अन्य वजह से रुकता है, तो उसे दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया को बुली कहते हैं। इसमें दोनों टीमों का एक-एक खिलाड़ी गेंद के पास खड़ा होता है। दोनों पहले अपनी हॉकी जमीन पर टिकाते हैं, फिर आपस में टकराते हैं और खेल शुरू होता है।

आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में खेल भावना का सम्मान करने के लिए खिलाड़ी बुली के वक्त गेंद को विरोधी खिलाड़ी की तरफ धीरे से धकेल देते हैं। लेकिन, पाकिस्तानी खिलाड़ी ने इसके विपरीत काम किया। उन्होंने खेल भावना की धज्जियां उड़ाते हुए बुली से सीधे गेंद को भारतीय गोल पोस्ट में दे मारा।

भारतीय खिलाड़ी रह गए हैरान, पाक खिलाड़ी ने किया आक्रामक सेलिब्रेशन

पाकिस्तानी खिलाड़ी की इस अप्रत्याशित और अनपेक्षित हरकत को देख भारतीय खिलाड़ी मैदान पर दंग रह गए। चूंकि आमतौर पर कोई भी खिलाड़ी ऐसा नहीं करता है, इसलिए टीम इंडिया इसके लिए तैयार नहीं थी।

शर्मनाक बात यह रही कि इस तरह से गोल करने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी ने खेल भावना का सम्मान करने के बजाय आक्रामक रवैया अपनाया। उन्होंने अपनी हॉकी को मैदान पर जोर से पटका और बदतमीजी से जश्न मनाया। इस घटना का वीडियो अब इंटरनेट पर फैंस के बीच गुस्से का कारण बना हुआ है।

अंतिम क्वार्टर में भारत का पलटवार, अब फाइनल में जापान से टक्कर

भले ही पाकिस्तान ने उस वक्त चालाकी से गोल दाग दिया था, लेकिन अंत में जीत सच्चाई की हुई। अंतिम क्वार्टर में भारतीय शेरों ने जोरदार वापसी की। भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया।

अब Under-18 Hockey Asia Cup 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत का सामना शनिवार, 6 जून को जापान से होने जा रहा है। याद दिला दें कि जापान वही टीम है, जिसने ग्रुप स्टेज के मुकाबले में टीम इंडिया को मात दी थी। ऐसे में भारतीय टीम के पास अब फाइनल जीतकर चैंपियनशिप अपने नाम करने के साथ-साथ जापान से पुराना हिसाब चुकता करने का भी सुनहरा मौका होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *