FIFA वर्ल्ड कप 2026: आज से फुटबॉल के महाकुंभ का आगाज, जानिए इस बार क्या कुछ है खास

Sports

Sports Desk: फुटबॉल प्रेमियों का इंतजार खत्म हो गया है। आज (11 जून) से 23वें फीफा मेंस वर्ल्ड कप की शुरुआत होने जा रही है। 20 जुलाई तक चलने वाला यह टूर्नामेंट खेल जगत के इतिहास में कई बड़े बदलावों और नए रिकॉर्ड्स का गवाह बनने जा रहा है।

1. इतिहास में पहली बार: 3 मेजबान देश और 48 टीमें

  • तीन देशों में मुकाबले: फीफा के 96 साल के इतिहास में पहली बार तीन देश—अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको मिलकर इस महाकुंभ की मेजबानी कर रहे हैं। इससे पहले 2002 में जापान और दक्षिण कोरिया ने मिलकर मेजबानी की थी।

  • मेक्सिको का तिहरा शतक: मेक्सिको दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है जो तीसरी बार (1970, 1986 और 2026) मेंस वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है।

  • बढ़ गया टीमों का कुनबा: इस बार टूर्नामेंट में 32 की जगह 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 16 शहरों में कुल 104 मैच खेले जाएंगे।

2. आज रात महामुकाबला (ओपनिंग मैच)

टूर्नामेंट का पहला मैच आज रात 12:30 बजे (भारतीय समयानुसार) मेक्सिको सिटी में खेला जाएगा, जहां मेजबान मेक्सिको और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने-सामने होंगी।

3. नया फॉर्मेट: नॉकआउट में पहुंचेंगी 32 टीमें

इस बार का फॉर्मेट बड़ा और रोमांचक है:

  • सभी 48 टीमों को 4-4 के 12 ग्रुप्स में बांटा गया है।

  • हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सीधे नॉकआउट (राउंड ऑफ 32) में जाएंगी (कुल 24 टीमें)।

  • इसके अलावा, तीसरे स्थान पर रहने वाली 12 टीमों में से 8 बेस्ट टीमें भी नॉकआउट में जगह बनाएंगी।

  • इसके बाद राउंड ऑफ 16, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फिर फाइनल मुकाबला होगा।

खास बात: इस बार फाइनल मैच में पहली बार हाफटाइम शो का भी आयोजन किया जाएगा।

4. ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ और दिग्गज खिलाड़ी

  • रोमांचक ग्रुप्स: डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ग्रुप ‘जे’ में है। फ्रांस (ग्रुप आई), स्पेन (ग्रुप एच), जर्मनी (ग्रुप ई), पुर्तगाल (ग्रुप के) और इंग्लैंड (ग्रुप एल) को बेहद कड़े ग्रुप्स में रखा गया है, जिन्हें ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ कहा जा रहा है।

  • सितारों का मेला: लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो सहित दुनिया के 1,248 फुटबॉलर्स इस वर्ल्ड कप में अपना जादू बिखेरेंगे।

  • उम्र का फासला: स्कॉटलैंड के 43 वर्षीय गोलकीपर क्रेग गॉर्डन टूर्नामेंट के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं, जबकि मेक्सिको के 17 वर्षीय गिल्बर्टो मोरा सबसे युवा खिलाड़ी हैं।

5. चार नए देशों की एंट्री

इस साल काबो वर्डी, क्यूरासाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के मंच पर खेलते नजर आएंगे। वहीं हैती (1974 के बाद) और ऑस्ट्रिया, नॉर्वे व स्कॉटलैंड जैसी टीमें 1998 के बाद वापसी कर रही हैं।

6. प्राइज मनी: विजेता पर होगी पैसों की बारिश

इस बार कुल प्राइज मनी में 50% की बढ़ोतरी की गई है। कुल 5,600 करोड़ रुपए (655 मिलियन USD) बांटे जाएंगे:

  • विजेता (चैंपियन): ₹429 करोड़ (50 मिलियन USD)

  • उपविजेता (रनर-अप): ₹283 करोड़ (33 मिलियन USD)

  • तीसरा स्थान: ₹249 करोड़

  • चौथा स्थान: ₹232 करोड़

7. फीफा वर्ल्ड कप का इतिहास एक नजर में

  • शुरुआत: पहला फीफा वर्ल्ड कप 1930 में उरुग्वे में खेला गया था, जिसे उरुग्वे ने ही अर्जेंटीना को 4-2 से हराकर जीता था।

  • सबसे सफल टीम: ब्राजील ने सबसे ज्यादा 5 बार यह खिताब जीता है। जर्मनी और इटली 4-4 बार, जबकि अर्जेंटीना 3 बार चैंपियन बना है।

  • पिछला चैंपियन: 2022 में कतर में हुए वर्ल्ड कप में मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने फ्रांस को पेनल्टी शूटआउट में हराकर ट्रॉफी जीती थी।

भारत में कहां और कब देखें मैच?

  • लाइव टीवी ब्रॉडकास्ट: भारत में मैचों का सीधा प्रसारण जी एंटरटेनमेंट के यूनाइट8 स्पोर्ट्स नेटवर्क (Unite8 Sports Network) पर होगा।

  • लाइव स्ट्रीमिंग: मोबाइल और लैपटॉप पर आप ज़ी5 (ZEE5) ऐप और वेबसाइट पर मुफ्त लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।

  • मैच का समय: समय के अंतर (Time Zone) के कारण मैच भारतीय समयानुसार दिन और रात के 12 अलग-अलग टाइम स्लॉट में खेले जाएंगे (जैसे रात 12:30, 1:30, सुबह 6:00, 7:30 और रात 9:30, 10:30 बजे आदि)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *