Punjab Desk: जालंधर में एक महिला डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान डॉ. मीनाक्षी के रूप में हुई है, जो कपूरथला के एक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत थीं। उनकी मौत का पता तब चला जब उनकी एक सहकर्मी उन्हें ड्यूटी पर साथ ले जाने के लिए केवल विहार स्थित उनके घर पहुंची।
बताया जा रहा है कि काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो सहकर्मी को संदेह हुआ। इसके बाद पड़ोसियों को सूचना दी गई। पड़ोसियों ने खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर देखा तो डॉ. मीनाक्षी फर्श पर बेसुध अवस्था में पड़ी मिलीं। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस और परिजनों को दी गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, डॉ. मीनाक्षी पिछले करीब एक वर्ष से अपने पति डॉ. पीयूष से अलग रह रही थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों का विशेष बोर्ड गठित किया गया है।
थाना डिवीजन-6 के एएसआई सतपाल सिंह ने बताया कि मृतका के पिता के बयान के आधार पर पति डॉ. पीयूष के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पिता प्रमोद ने आरोप लगाया है कि उनके दामाद ने उनकी बेटी के नाम पर लाखों रुपये का कर्ज लिया हुआ था, जिसकी किश्तें उनकी बेटी चुका रही थी। उनका यह भी आरोप है कि डॉ. पीयूष के अस्पताल में कार्यरत एक महिला कर्मचारी के साथ संबंध थे, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच विवाद रहता था और दोनों अलग रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार, हाल ही में जब डॉ. मीनाक्षी अपने लिए घर खरीदने के उद्देश्य से बैंक पहुंचीं तो उन्हें पता चला कि उनके नाम पर पहले से ही करीब ढाई करोड़ रुपये का ऋण लिया गया है। इस संबंध में पति से बातचीत करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
2018 में हुई थी शादी
परिजनों के मुताबिक, डॉ. मीनाक्षी और डॉ. पीयूष की शादी अक्टूबर 2018 में हुई थी। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से उनकी बेटी आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रही थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी बेटी ने पति के कथित संबंधों से जुड़े कुछ सबूत जुटाए थे, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मृतका की मां ने कहा कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।