स्पोर्ट्स डेस्क: फीफा वर्ल्ड कप के ग्रुप-एच (Group-H) में मंगलवार का दिन बड़े उलटफेरों और रोमांचक मुकाबलों के नाम रहा। एक तरफ जहां वर्ल्ड कप में पहली बार कदम रख रही केप वर्डे की टीम ने 2010 की चैंपियन और यूरो 2024 विजेता स्पेन को 0-0 की बराबरी पर रोककर इतिहास रच दिया, वहीं दूसरी ओर सऊदी अरब ने दो बार की वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे को 1-1 के ड्रॉ पर विवश कर दिया।
इन मैचों के बाद ग्रुप-एच की पॉइंट्स टेबल में उरुग्वे पहले, सऊदी अरब दूसरे, स्पेन तीसरे और केप वर्डे चौथे स्थान पर काबिज हो गई है।
मैच 1: स्पेन बनाम केप वर्डे (स्कोर: 0-0)
40 साल के गोलकीपर वोजिन्या बने स्पेन के लिए ‘दीवार’
अटलांटा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में स्पेन का पूरी तरह दबदबा रहा। स्पेन ने मैच में 74% बॉल पजेशन रखा और गोल करने के लिए रिकॉर्ड 27 शॉट लगाए, लेकिन केप वर्डे के 40 वर्षीय अनुभवी गोलकीपर वोजिन्या और मजबूत डिफेंस के आगे उनकी एक न चली। वोजिन्या ने मैच में 7 शानदार सेव किए और वर्ल्ड कप डेब्यू करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए।
-
लामीन यामाल भी रहे बेअसर: दूसरे हाफ के 71वें मिनट में स्पेन ने अपने स्टार विंगर लामिन यामाल को मैदान पर उतारा। उनके आने से हमलों में तेजी तो आई, लेकिन केप वर्डे का डिफेंस अडिग रहा।
-
आखिरी मिनटों का रोमांच: 88वें मिनट में स्पेन के मिकेल ओयारजाबाल के एक लगभग तय गोल को डिफेंडर पिको लोप्स ने गोल लाइन के ठीक सामने से ब्लॉक कर दिया। वहीं, इंजरी टाइम (90वें मिनट) में केप वर्डे के डाइनी बोर्गेस को गोल करने का मौका मिला, जिसे स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन ने बचा लिया।
स्पेन के लिए निराशाजनक आंकड़े:
-
स्पेन लगातार चौथे वर्ल्ड कप के अपने ओपनिंग मैच में जीत दर्ज करने में नाकाम रहा।
-
स्ट्राइकर मिकेल ओयारजाबाल शुरुआती 30 मिनट तक गेंद को छू तक नहीं सके।
मैच 2: सऊदी अरब बनाम उरुग्वे (स्कोर: 1-1)
अल-ओवैस के शानदार बचाव से सऊदी अरब ने साधा अंक
फ्लोरिडा के मियामी स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-एच के दूसरे मैच में उरुग्वे की टीम ने गोल करने के 29 आक्रामक प्रयास किए, जिनमें से 11 शॉट बिल्कुल टारगेट पर थे। लेकिन सऊदी अरब के गोलकीपर मोहम्मद अल-ओवैस ने 10 बेहतरीन बचाव करके उरुग्वे को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
-
अल अमरी ने दिलाई सऊदी को बढ़त: मैच के पहले हाफ में सऊदी अरब ने कॉर्नर किक के जरिए दबाव बनाया। हसन अल तंबाक्ती के हेडर को उरुग्वे के गोलकीपर मुस्लेरा पूरी तरह रोक नहीं पाए और रिबाउंड पर अब्दुलेलाह अल अमरी ने गेंद को जाल में डालकर सऊदी अरब को 1-0 की चौंकाने वाली बढ़त दिला दी।
-
अराउजो ने बचाया उरुग्वे का सम्मान: दूसरे हाफ में उरुग्वे ने वापसी के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी। आखिरकार 80वें मिनट में फेडेरिको विनास के हेडर पर सऊदी गोलकीपर अल ओवैस से चूक हुई और रिबाउंड का फायदा उठाते हुए मैक्सी अराउजो ने गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
मुस्लेरा ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड: उरुग्वे के गोलकीपर फर्नांडो मुस्लेरा ने 39 साल और 364 दिन की उम्र में मैदान पर उतरकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। वे वर्ल्ड कप इतिहास में उरुग्वे का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने पूर्व कप्तान डिएगो गोडिन का रिकॉर्ड तोड़ा।
आगे क्या है समीकरण?
ग्रुप-एच के अगले मुकाबलों में अब समीकरण बेहद दिलचस्प हो गए हैं। इस ग्रुप के अगले दौर में:
-
स्पेन का मुकाबला उरुग्वे से होगा, जहाँ दोनों पूर्व चैंपियन टीमें अपनी पहली जीत की तलाश में उतरेंगी।
-
केप वर्डे की भिड़ंत सऊदी अरब से होगी, जहाँ दोनों टीमें उलटफेर के अपने इस हौसले को जीत में बदलना चाहेंगी।