लुधियाना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने युवाओं से किया संवाद; कानून-व्यवस्था, आयुष्मान भुगतान और स्टार्टअप्स की चुनौतियों पर हुई चर्चा

Punjab

लुधियाना: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने तीन दिवसीय पंजाब दौरे के दौरान लुधियाना में एक विशेष संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से आए 40 वर्ष से कम आयु के लगभग 100 युवा पेशेवरों, उद्यमियों, डॉक्टरों, वकीलों, किसानों और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। नितिन नबीन ने युवाओं की समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को विस्तार से सुना। संवाद के दौरान युवाओं ने राज्य में विकास की गति तेज करने के लिए ‘डबल इंजन’ सरकार की आवश्यकता पर जोर दिया।

विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं ने उठाईं प्रमुख मांगें:

  • कानून-व्यवस्था और सुरक्षा: वकीलों ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और फिरौती (एक्सटॉर्शन) की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। वहीं, युवा महिलाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई इलाकों में रात के समय बाहर निकलना असुरक्षित महसूस होता है।

  • स्वास्थ्य क्षेत्र (आयुष्मान योजना): डॉक्टरों ने बताया कि अन्य राज्यों में आयुष्मान भारत योजना के तहत समय पर भुगतान मिल रहा है, जबकि पंजाब में लंबित (पेंडिंग) भुगतान एक गंभीर समस्या बना हुआ है।

  • स्टार्टअप और कूरियर लागत: स्टार्टअप्स से जुड़े युवाओं ने बताया कि कूरियर सेवाओं में पंजाब को डी-श्रेणी में रखा गया है। इसके कारण पंजाब से मुख्य महानगरों तक सामान भेजने की लागत अन्य राज्यों के मुकाबले कई गुना अधिक आती है, जिससे व्यापार में प्रतिस्पर्धा करना मुश्किल हो रहा है।

  • कृषि और डेयरी: पटियाला के एक डेयरी उद्यमी ने बड़े स्तर पर दुग्ध उत्पादन और संगरूर के एक किसान ने फसल विविधीकरण, आलू उत्पादन व कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन का अपना सफल मॉडल प्रस्तुत किया।

भाजपा युवाओं के सपनों के साथ खड़ी है: नितिन नबीन युवाओं के विचार सुनने के बाद नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा पंजाब के युवाओं की आकांक्षाओं और संघर्षों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन सभी समस्याओं को उचित मंचों पर उठाकर इनका समाधान कराया जाएगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण और उद्यमिता में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, सह-प्रभारी व जम्मू-कश्मीर के विधायक डॉ. नरेंद्र रैना और प्रदेश महासचिव परमिंदर सिंह बराड़ भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और युवाओं का मार्गदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *