स्पोर्ट्स डेस्क: विश्व चैंपियन का खिताब जीतकर नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में आयरलैंड दौरे पर गई भारतीय क्रिकेट टीम को बेलफास्ट में एक ऐतिहासिक और शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय मूल के पासपोर्ट धारक तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा की धारदार गेंदबाजी के सामने दुनिया की सबसे मजबूत मानी जाने वाली भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह ढह गई। साल 2021 में राजस्थान का टोंक छोड़कर आयरलैंड बसने वाले जय मूंदड़ा ने भारतीय बल्लेबाजों का गुरूर तोड़कर रख दिया।
मुख्य कोच गौतम गंभीर और नए कप्तान श्रेयस अय्यर की जोड़ी का यह पहला ही दौरा था, और भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ कोई द्विपक्षीय टी20 सीरीज हारने वाली इतिहास की पहली भारतीय टीम बन गई है। लगातार 16 टी20 सीरीज से अपराजेय चल रही भारतीय टीम इस दो मैचों की सीरीज के दोनों मुकाबले हारकर क्लीन स्वीप का शिकार हुई। दोनों ही मैचों में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और दोनों ही बार टीम लक्ष्य का पीछा करने में पूरी तरह नाकाम रही।
संजू सैमसन दोनों मैचों में पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले जय मूंदड़ा का शिकार बने। श्रेयस अय्यर के कप्तानी करियर की शुरुआत इस बेहद निराशाजनक सीरीज हार के साथ हुई है।
दूसरे मैच का लेखा-जोखा: तिलक वर्मा की धीमी पारी और बल्लेबाजों का फ्लॉप शो
दूसरे मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने 48 रन पर आयरलैंड के 3 विकेट गिरा दिए थे, लेकिन इसके बाद हैरी टेक्टर और बेन कैलित्ज ने पारी को संभालते हुए टीम को 154 के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया। भारत के लिए पदार्पण कर रहे प्रिंस यादव ने 3 विकेट लिए।
155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। ईशान किशन ने 12 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने केवल 10 रनों का योगदान दिया। तिलक वर्मा ने 46 गेंदों पर 55 रनों की पारी जरूर खेली, लेकिन लगभग 8 ओवर क्रीज पर बिताने के बाद भी वे केवल 3 चौके और 1 छक्का ही लगा सके। अंत में हर्षित राणा ने 10 गेंदों पर 21 रन बनाए, जिसने हार के अंतर को थोड़ा कम किया। पदार्पण करने वाले सूर्यांश भी कुछ खास नहीं कर सके, जबकि वैभव सूर्यवंशी को इस मैच में भी मौका नहीं मिला। आयरलैंड के लिए जय मूंदड़ा और मैथ्यू होलार्ड ने 3-3 विकेट झटके।
भारत की शर्मनाक हार से जुड़े 10 ऐतिहासिक रिकॉर्ड
-
आयरलैंड से पहली सीरीज हार: भारत टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में पहली बार आयरलैंड के खिलाफ कोई द्विपक्षीय सीरीज हारा है।
-
लगातार दो मैच हारने का रिकॉर्ड: अगस्त 2023 (वेस्टइंडीज दौरा) के बाद यह पहला मौका है जब भारत लगातार दो टी20 मैच हारा है।
-
श्रेयस अय्यर के नाम खराब शुरुआत: श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत के बाद दूसरे ऐसे भारतीय कप्तान बन गए हैं जिन्होंने बतौर कप्तान अपने शुरुआती दोनों मैच गंवाए हैं।
-
रैंकिंग का बड़ा उलटफेर: आईसीसी टी20 रैंकिंग में पहले स्थान पर मौजूद और शीर्ष दो बल्लेबाजों वाली टीम इंडिया को टॉप-10 से बाहर की टीम (आयरलैंड) ने मात दी है।
-
तिलक वर्मा का धीमा अर्धशतक: तिलक वर्मा ने 46 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा टी20 में लगाया गया छठा सबसे धीमा अर्धशतक है। (रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम है, 56 गेंद बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2022)।
-
अभिषेक शर्मा का शर्मनाक रिकॉर्ड: अभिषेक शर्मा साल 2026 में 9वीं बार शून्य (0) पर आउट हुए। इसके साथ ही वह एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले खिलाड़ियों की सूची में राशिद खान (2019) और शादाब खान (2024) के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।
-
7 साल बाद सूपड़ा साफ: साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार के बाद यह पहली बार है जब कम से कम दो मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम का व्हाइटवॉश (क्लीन स्वीप) हुआ है। टी20 इतिहास में यह कुल चौथा मौका है जब भारत क्लीन स्वीप हुआ।
-
इस दशक की तीसरी सीरीज हार: इस दशक (2020-2026) में भारत की यह केवल तीसरी टी20 सीरीज हार है। इससे पहले 2021 में शिखर धवन और 2023 में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में भारत सीरीज हारा था।
-
बिना कोई मैच जीते सीरीज खत्म: श्रेयस अय्यर साल 2026 में ऐसे तीसरे भारतीय कप्तान बने हैं जो किसी टी20 सीरीज में एक भी मैच नहीं जीत सके। उनसे पहले एमएस धोनी (2009 और 2015) और विराट कोहली (2019) के नाम यह रिकॉर्ड दर्ज हुआ था।
-
विजेता रथ पर ब्रेक: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत का लगातार 16 टी20 सीरीज जीतने का ऐतिहासिक सिलसिला टूट गया। यह किसी भी आईसीसी फुल मेंबर टीम द्वारा लगातार जीती गई सबसे ज्यादा सीरीज का वर्ल्ड रिकॉर्ड था।