बठिंडा: पंजाब के बठिंडा-बीकानेर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े एक ट्राले से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो ट्रैवलर का अगला हिस्सा तीन से चार फीट तक पूरी तरह पिचक गया। इस दर्दनाक हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
डाबा जोर गांव के पास सुबह 7 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान से करीब 11-12 श्रद्धालु टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर अमरनाथ यात्रा के लिए निकले थे। बुधवार सुबह करीब 7:00 बजे जब उनका वाहन बठिंडा के डाबा जोर गांव, जोधपुर रोमाना और गुरुसर सानेवाला के बीच से गुजर रहा था, तभी वह सड़क किनारे खड़े एक ट्राले का शिकार हो गया।
हादसे के बाद गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और अंदर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय निवासियों और राहत टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर भारी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को गाड़ी से बाहर निकाला।
एम्स बठिंडा में घायलों का इलाज जारी
सहारा जन सेवा संस्था के कार्यकर्ता संदीप सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही उनकी टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची थी। सिविल अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल अधिकारी डॉ. लवदीप सिंह के अनुसार, अस्पताल लाए जाने तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक अन्य घायल ने एम्स ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
फिलहाल, सभी 8 घायल यात्रियों को इलाज के लिए एम्स (AIIMS) बठिंडा में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बठिंडा के सरकारी अस्पताल के शवगृह (मोर्चरी) में रखवाया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के असली कारणों का पता लगा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में हाईवे के किनारे बिना किसी इंडिकेटर या चेतावनी के खड़े ट्राले को ही इस भीषण दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।