अमृतसर: केंद्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वीरना सोमन्ना ने आज अमृतसर का दौरा कर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने 300 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने की परियोजना के संबंध में अधिकारियों से मुलाकात की और साथ ही शहर के बहुप्रतीक्षित रेगो ब्रिज का काम अगले साल तक हर हाल में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
अमृतसर पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू और अन्य पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मंत्री सोमन्ना ने भाजपा नेताओं के साथ श्री दरबार साहिब में मत्था टेका और गुरुघर का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक में मंत्री ने कहा कि अमृतसर एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र है, जहां देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु आते हैं, इसलिए यहां के रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने 300 करोड़ के प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने उन्हें एक ज्ञापन सौंपकर रेगो ब्रिज का निर्माण जल्द पूरा करने और ‘वंदे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेन का समय शाम की बजाय सुबह करने की मांग की। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि रेगो ब्रिज का काम किसी भी कीमत पर अगले साल तक पूरा हो जाना चाहिए।
मीडिया से बात करते हुए वी. सोमन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पंजाब को दी गई बड़ी परियोजनाओं, जैसे अमृतसर में IIM, बठिंडा में AIIMS, नए राजमार्गों का निर्माण और 27 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का भी जिक्र किया। गौरतलब है कि हाल ही में मंत्री सोमन्ना ने अजनाला के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया था।
