फाजिल्का: शहर के शिरोमणि भगत नामदेव गुरुद्वारा साहिब में प्रधान पद को लेकर चल रहा विवाद शनिवार सुबह (11 अक्टूबर) खूनी संघर्ष में बदल गया। दो गुटों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में सरेआम तलवारें चलीं, जिसमें करीब 3 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है।
एक पक्ष के रंजीत सिंह जसल ने बताया कि वह गुरु घर में माथा टेकने आए थे। इसी दौरान कुछ लोग, जो गुरुद्वारा साहिब की प्रधानगी और अन्य पद हासिल करना चाहते हैं, अंदर आकर बैठ गए। जब उन्हें बाहर आकर बात करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने तलवारों से हमला कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष के सतपाल सिंह का कहना है कि गुरुद्वारा साहिब में प्रधान को दो साल के लिए चुना गया था, लेकिन अब चार साल बीत चुके हैं और नए चुनाव नहीं करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “जब हम चुनाव कराने की मांग को लेकर बात करने आए, तो विवाद बढ़ गया और मारपीट हुई।” इसी गुट के सतनाम सिंह ने बताया कि वे गुरदासपुर में हो रहे एक राज्य स्तरीय समागम के चलते फाजिल्का में होने वाले समागम की तारीख बदलवाने के लिए आए थे, लेकिन यहां प्रधानगी को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारी सरवन सिंह ने बताया कि उन्हें दो गुटों में झगड़े की सूचना मिली थी, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है। उन्होंने कहा, “मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की पड़ताल कर रही है।
