HomePunjabBJP  ने साफ किया रुख, अकाली दल से गठबंधन नहीं; पंजाब की...

BJP  ने साफ किया रुख, अकाली दल से गठबंधन नहीं; पंजाब की सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी पार्टी

चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच दोबारा गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने स्पष्ट कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी अकाली दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।

बीएल संतोष ने कहा कि पंजाब बदलाव के लिए तैयार है और बीजेपी इस बदलाव की अगुवाई करेगी। उनके इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में अकाली दल और बीजेपी के बीच संभावित गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं पर फिलहाल स्थिति साफ हो गई है।

मोहाली पहुंचने पर प्रदेश नेतृत्व ने किया स्वागत

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने हाल ही में अपनी नई टीम का गठन किया था। नई टीम के गठन के बाद पार्टी के भीतर कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं में असंतोष की स्थिति सामने आई थी। इसी के मद्देनजर संगठन की स्थिति का जायजा लेने और नेताओं से फीडबैक लेने के लिए बीएल संतोष दो दिवसीय पंजाब दौरे पर पहुंचे हैं।

मोहाली पहुंचने पर पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पंजाब के सह-प्रभारी सरदार नरेंद्र सिंह रैना ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

दो दिन अलग-अलग जोन के नेताओं से करेंगे बैठक

बीएल संतोष अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान पंजाब के अलग-अलग जोन के नेताओं के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति का फीडबैक लेंगे। सोमवार को वह पटियाला और बठिंडा जोन के नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

इसके बाद मंगलवार को लुधियाना, जालंधर और अमृतसर जोन के नेताओं से संवाद करेंगे। इन बैठकों में पार्टी संगठन को मजबूत करने, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

बीजेपी के सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान को पंजाब की चुनावी राजनीति में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments