कैथल। कैथल के सरकारी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दो युवकों पर चाकू और पेचकस से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने करीब 16 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को उत्तर प्रदेश के शामली से पकड़कर कैथल लाया जा रहा था। इसी दौरान असंध रोड पर मुंडवाल माइनर के पास उसने पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे कैथल के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान गांव क्योड़क निवासी गोविंद पुत्र धर्म सिंह के रूप में की है।
अस्पताल की इमरजेंसी में किया था हमला
पुलिस के अनुसार, सोमवार को गोविंद अपने एक साथी के साथ कैथल के सरकारी अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचा था। यहां दोनों ने दो युवकों पर चाकू और पेचकस से हमला कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए CIA-1 और SDU की टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
शामली में छिपा था आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के उत्तर प्रदेश के शामली जिले में छिपे होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे वारदात के करीब 16 घंटे के भीतर शामली से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को कैथल लेकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान असंध रोड पर मुंडवाल माइनर के पास आरोपी ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की।
पेशाब करने के बहाने रुकवाई गाड़ी, पिस्टल छीनकर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 3 बजे आरोपी ने पेशाब करने की बात कहकर पुलिस वाहन रुकवाया। गाड़ी से नीचे उतरने के बाद उसने CIA-1 टीम के एक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने करीब 6 राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली पुलिस वाहन में लगी, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
फायरिंग के बाद CIA-1 प्रभारी जसवंत सिंह और SDU के ASI तरसेम ने आरोपी को हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। पुलिस के अनुसार, चेतावनी के बावजूद आरोपी ने फायरिंग जारी रखी।
इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों टीमों की ओर से तीन-तीन राउंड फायर किए गए। इसी दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत काबू कर लिया और इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
आरोपी पर पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गोविंद के खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण और मारपीट समेत करीब 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस अस्पताल में हुए हमले के मामले की जांच कर रही है और वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।


