Punjab News। कपूरथला स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में कथित छात्रा से दुष्कर्म के मामले को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद हिंसा और तोड़फोड़ के साथ कथित लूटपाट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में कुछ लोग यूनिवर्सिटी परिसर में मौजूद दुकानों और यूनि-मॉल से सामान उठाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई है कि लूटपाट में प्रदर्शनकारी छात्र शामिल थे या फिर बाहरी लोग। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर इन लोगों की पहचान और उनकी स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यूनि-मॉल की दुकानों से सामान उठाने के वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल कुछ वीडियो में लोग कैंपस के यूनि-मॉल में स्थित दुकानों में घुसते और सामान ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में इलेक्ट्रॉनिक सामान, जूते और खाने-पीने की वस्तुएं उठाते हुए लोग नजर आ रहे हैं।
कुछ वीडियो में महंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, लैपटॉप और गेमिंग कंसोल जैसी वस्तुओं का भी जिक्र सुनाई देता है। एक वीडियो में लोगों को जूते की दुकान से अपनी पसंद और साइज के जूते तलाशते हुए देखा जा सकता है।
हालांकि, इन वीडियो की वास्तविकता, रिकॉर्डिंग का पूरा संदर्भ और इनमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
क्या है पूरा मामला?
शनिवार देर रात LPU कैंपस में एक छात्रा से कथित दुष्कर्म की शिकायत को लेकर विरोध-प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने पर हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।
जालंधर के SSP हरविंदर सिंह विर्क के अनुसार, घटना के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए और पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने मामले में कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, कथित दुष्कर्म के मामले की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने अभी तक कैंपस में छात्रा के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि नहीं की है और आरोपी की पहचान भी सामने नहीं आई है।
यूनिवर्सिटी ने छात्रों की शिकायत को गंभीरता से लेने की बात कही
LPU के डीन सौरव लखनपाल ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि यूनिवर्सिटी ने छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लिया है। उनके मुताबिक, छात्रों को CCTV फुटेज देखने और उनके द्वारा बताए गए कमरे की जांच करने की अनुमति दी गई।
उन्होंने कहा कि जब छात्रों ने मामले की जानकारी यूनिवर्सिटी प्रशासन के सामने रखी तो इसे गंभीरता से लिया गया। यूनिवर्सिटी ने छात्रों से औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की।
शिक्षा मंत्री ने कहा- साजिश हुई तो कार्रवाई होगी
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने LPU में हुई घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पंजाब देश का प्रमुख शिक्षा केंद्र है और यहां देश-विदेश से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं।
उन्होंने निजी यूनिवर्सिटी में भय और अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश को निंदनीय बताया। बैंस ने कहा कि यदि मामले में किसी तरह की साजिश सामने आती है तो उससे जुड़े लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस हिंसा, तोड़फोड़ और कथित लूटपाट के मामलों की जांच कर रही है। वायरल वीडियो और CCTV फुटेज के आधार पर घटनाक्रम में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


