अमृतसर: पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पंजाब पहुंचे हैं। उनके साथ पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट भी अमृतसर पहुंचे। दोनों नेताओं के पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
परगट सिंह अपने पंजाब दौरे की शुरुआत श्री दरबार साहिब में माथा टेककर करेंगे। वह गुरु घर में नतमस्तक होकर पंजाब और पंजाबियों की खुशहाली व चढ़दी कला के लिए अरदास करेंगे।
श्री दरबार साहिब में माथा टेकेंगे परगट सिंह
श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होने के बाद परगट सिंह के पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने की भी संभावना है। उनके इस दौरे को प्रदेश कांग्रेस में नई टीम और संगठन को सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
परगट सिंह 11 अक्टूबर को नवरात्रि के पहले दिन पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में औपचारिक तौर पर पदभार संभालेंगे।
2027 चुनाव की तैयारियों पर फोकस
प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद परगट सिंह के सामने पार्टी संगठन को मजबूत करने और नेताओं व कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने की चुनौती होगी। कांग्रेस की नजर आगामी विधानसभा चुनावों पर भी है।
परगट सिंह लगातार पार्टी को मजबूत करने और कांग्रेस नेताओं को एकजुट करने पर जोर दे रहे हैं। उनके अमृतसर दौरे को भी इसी रणनीति की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।


