Sports News:वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) 2026 में पाकिस्तान चैंपियंस को बड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान चैंपियंस ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपने खिलाड़ियों को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी नहीं किया, जिसके बाद टीम को प्रतियोगिता से हटना पड़ा।
पाकिस्तान और WCL के बीच NOC को लेकर विवाद नया नहीं है। पिछले सीजन में भी दोनों पक्षों के बीच इसी तरह का मामला सामने आया था। उस समय भी पाकिस्तान के खिलाड़ियों की भागीदारी को लेकर PCB और टूर्नामेंट आयोजकों के बीच मतभेद देखने को मिले थे।
NOC के लिए रखी गई थीं शर्तें
रिपोर्ट्स के अनुसार, PCB इस बार अपने खिलाड़ियों को NOC देने के लिए तैयार था, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें रखी गई थीं। इनमें कथित तौर पर भारतीय खिलाड़ियों से पिछले साल भारत-पाकिस्तान मुकाबले से जुड़े घटनाक्रम को लेकर लिखित माफी मांगने की शर्त भी शामिल थी।
इसके अलावा PCB की ओर से भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच मैच के दौरान हैंडशेक को लेकर भी आश्वासन मांगा गया था। बताया जा रहा है कि WCL आयोजकों ने कुछ शर्तों पर सहमति जताई, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों से माफी और हैंडशेक से जुड़े मुद्दे पर बात नहीं बन सकी। इसके बाद पाकिस्तान चैंपियंस को WCL 2026 से हटने का फैसला करना पड़ा।
10 अक्टूबर को नहीं होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला
WCL 2026 में भारत चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच 10 अक्टूबर को मुकाबला प्रस्तावित था। पाकिस्तान टीम के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद अब यह मैच नहीं खेला जाएगा।
पाकिस्तान चैंपियंस पिछले दोनों सीजन में उपविजेता रही है। 2024 में खेले गए WCL के पहले सीजन के फाइनल में भारत चैंपियंस ने पाकिस्तान को हराया था। वहीं 2025 में दूसरे सीजन के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस ने पाकिस्तान को मात देकर खिताब अपने नाम किया था।
भारत के अगले मुकाबले कब होंगे?
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 का आयोजन 3 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक किया जा रहा है। भारत चैंपियंस अब तक टूर्नामेंट में दो मुकाबले खेल चुकी है। भारत ने अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को 46 रन से हराया था। इसके बाद दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड चैंपियंस ने भारत को 21 रन से शिकस्त दी।
पाकिस्तान के हटने के बाद टूर्नामेंट का कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ है। संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक भारत चैंपियंस का अगला मुकाबला 10 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस के खिलाफ होगा। इसके बाद 11 अक्टूबर को बांग्लादेश चैंपियंस और 13 अक्टूबर को वेस्टइंडीज चैंपियंस से भारत की भिड़ंत होगी। इस तरह WCL 2026 में होने वाला बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबला अब देखने को नहीं मिलेगा।


