HomeHaryanaअतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम टीम पर पथराव, दो कर्मचारी घायल; वाहन...

अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम टीम पर पथराव, दो कर्मचारी घायल; वाहन भी क्षतिग्रस्त

Haryana News: मानेसर में अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम पर रेहड़ी-पटरी संचालकों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले में नगर निगम के दो कर्मचारी घायल हो गए, जबकि टीम के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कर्मचारियों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के मुताबिक, नगर निगम मानेसर की टीम गांव अलियर और बांसकूसला स्थित शंकर की ढाणी के पास मुख्य सड़क पर बने अवैध अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। यहां लंबे समय से सड़क किनारे अवैध मार्केट और बड़ी संख्या में रेहड़ियां लगी हुई थीं। इनके कारण यातायात प्रभावित होने की शिकायतें मिल रही थीं।

शाम करीब 5 बजे नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ विकास शर्मा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम में जेई देविंदर और मंदीप समेत अन्य कर्मचारी भी शामिल थे। अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू करते हुए करीब 80 फीसदी अतिक्रमण को शांतिपूर्वक हटा दिया।

बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान जब टीम ने सड़क किनारे बची हुई रेहड़ियों को हटाने और जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की तो कुछ रेहड़ी संचालक भड़क गए। देखते ही देखते उन्होंने नगर निगम की टीम पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पथराव में नगर निगम के दो कर्मचारियों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। वहीं, हमलावरों ने निगम की गाड़ियों को भी निशाना बनाया। बड़े-बड़े पत्थर फेंके जाने से वाहनों के शीशे टूट गए और उन्हें नुकसान पहुंचा।

हमले के बाद निगम कर्मचारियों ने किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलने के बाद घायल कर्मचारियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया और मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) तैयार कराई गई।

घटना के संबंध में नगर निगम अधिकारियों की ओर से आईएमटी मानेसर सेक्टर-7 थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पथराव करने वाले आरोपियों की पहचान के लिए मौके से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments