चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है। प्रदेश सरकार ने 30 पुलिस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इनमें 29 आईपीएस और एक एचपीएस अधिकारी शामिल हैं। तबादलों के तहत करनाल, पानीपत, भिवानी, नारनौल और पलवल समेत कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को बदला गया है।

तबादला आदेश के अनुसार, करनाल के मौजूदा एसपी नरेंद्र बिजारणियां का तबादला कर उन्हें एसपी, एसटीएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आईपीएस सुमित कुमार को भी एसपी, एसटीएफ नियुक्त किया गया है।
आईपीएस कर्ण गोयल को करनाल का नया एसपी बनाया गया है। इसके अलावा आईपीएस दीप्ति गर्ग को पानीपत और मेधा भूषण को पलवल का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसी तरह आईपीएस मयंक मिश्रा को भिवानी का एसपी बनाया गया है, जबकि आईपीएस प्रबीना पी. को नारनौल की पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों के साथ प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस नेतृत्व में बदलाव हुआ है।
वहीं, आईपीएस अधिकारी संदीप खिरवार को भी पदोन्नति मिली है। उन्हें सीआरपीएफ में एडीजी के पद से पदोन्नत कर स्पेशल डायरेक्टर जनरल, सीआरपीएफ बनाया गया है।
सरकार की ओर से जारी तबादला आदेशों के बाद प्रदेश के पुलिस प्रशासन में व्यापक स्तर पर बदलाव देखने को मिलेगा। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों का असर कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था पर भी पड़ेगा।


