HomePunjabइंग्लैंड का सपना समंदर में डूबा, नाव पलटने से जालंधर का युवक...

इंग्लैंड का सपना समंदर में डूबा, नाव पलटने से जालंधर का युवक लापता; परिवार में कोहराम

जालंधर: जिले के भटनूरा लुबाना गांव का 29 वर्षीय युवक अरविंदर सिंह फ्रांस से इंग्लैंड जाने के प्रयास में लापता हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरविंदर लगभग 80 लोगों के एक समूह के साथ 1 अक्टूबर को एक नाव के माध्यम से इंग्लिश चैनल पार करने की कोशिश कर रहा था। दुर्भाग्यवश, नाव रास्ते में पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई और अरविंदर का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।

पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्हें इस दुखद घटना की जानकारी 2 अक्टूबर को मिली। उसी नाव में सवार कपूरथला के चौहाना गाँव के एक अन्य युवक ने फोन कर बताया कि नाव डूबने के बाद बचाव अभियान में कई लोगों को बचा लिया गया, लेकिन अरविंदर का कुछ भी पता नहीं चल सका है।

अरविंदर के छोटे भाई अशविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए कहा, “मेरा भाई 18 मई को वर्क परमिट वीजा पर पुर्तगाल गया था और उसकी 5 सितंबर को बायोमेट्रिक प्रक्रिया भी पूरी हो गई थी। वहाँ कुछ युवकों के संपर्क में आने के बाद उसने इंग्लैंड जाने की योजना बनाई।” परिवार ने यह भी बताया कि पहले उन्होंने ट्रक से जाने का प्रयास किया था, लेकिन ड्राइवर के मना करने पर उन्होंने नाव का जोखिम भरा रास्ता चुना।

परिवार ने अरविंदर को इस खतरनाक कदम को उठाने से मना किया था। 29 सितंबर को अरविंदर ने आखिरी बार घर पर बात की थी, लेकिन उसने अपनी नाव यात्रा के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। इसके दो दिन बाद ही परिवार को उसके नाव हादसे का शिकार होने की मनहूस खबर मिली।

बचाए गए युवक ने परिवार को बताया कि नाव में कुल पांच पंजाबी युवक सवार थे, जिनमें से चार को बचा लिया गया है, लेकिन अरविंदर अभी भी लापता है। इस बीच, आदमपुर के विधायक सुखविंदर सिंह कोटली ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि वे इस मामले को राज्य और केंद्र सरकार के समक्ष उठाएंगे ताकि अरविंदर की तलाश के लिए हर संभव मदद की जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments