नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल अपने बेबाक बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहती हैं। सोशल मीडिया पर फैंस के साथ बातचीत के दौरान ‘गदर’ फेम अभिनेत्री ने हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री में बढ़ते ‘एंटूरेज कल्चर’ (सितारों के साथ चलने वाली बड़ी टीम) और उसके भारी-भरकम खर्चों पर खुलकर अपनी राय रखी।
फिल्म के पहले दिन के कलेक्शन से बड़ा होता है काफिला
एक प्रशंसक ने जब अमीषा से पूछा कि क्या निर्माताओं के पैसों पर सितारों का इतना बड़ा लवाजमा साथ लेकर चलना सही है, तो उन्होंने बिना किसी का नाम लिए तंज कसा। अमीषा ने लिखा, “कई अभिनेत्रियां अपने वास्तविक स्टारडम की सच्चाई को स्वीकार नहीं कर पाती हैं। प्रमोशन के दौरान उनकी टीम का खर्च, जिसे प्रोड्यूसर उठाते हैं, अक्सर फिल्म की ओपनिंग डे की कुल कमाई से भी ज्यादा निकल जाता है। उम्मीद करती हूं कि वे अपनी निजी जिंदगी में भी इतने ही बड़े ग्रुप के साथ चलती होंगी।”
‘बाय वन गेट वन फ्री’ वाली फिल्मों से दूरी
नए प्रोजेक्ट्स से जुड़े सवाल पर अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि वह सिर्फ संख्या बढ़ाने के लिए काम नहीं करना चाहतीं। उन्होंने कहा कि वह ऐसी फिल्मों का हिस्सा बनने से बचती हैं जिन्हें चलाने के लिए रिलीज के पहले ही दिन से ‘बाय वन गेट वन फ्री’ या ’99 रुपये का टिकट’ जैसे ऑफर्स का सहारा लेना पड़े। उनका मानना है कि बेकार फिल्मों में लगातार काम करने से बेहतर है कि कुछ सालों के अंतराल पर ‘गदर’ जैसी ऐतिहासिक फिल्में दी जाएं। साथ ही, उन्होंने भरोसा जताया कि वह जल्द ही दोबारा बॉक्स ऑफिस पर वापसी करेंगी।
इसके अलावा, भारतीय कलाकारों की ऑनलाइन ट्रोलिंग पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि हॉलीवुड की तुलना में भारत के लोग अपने ही सितारों को उनके लुक या पहनावे पर ज्यादा बेरहमी से निशाना बनाते हैं, जो बेहद दुखद और शर्मनाक है।
हालिया प्रोजेक्ट्स अमीषा पटेल को आखिरी बार साल 2024 की रोमांटिक कॉमेडी ‘तौबा तेरा जलवा’ में देखा गया था। इससे पहले 2023 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘गदर 2’ ने दुनिया भर में 686 करोड़ रुपये से अधिक की शानदार कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा था। फिलहाल अभिनेत्री ने अपने किसी आगामी प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।


