नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ऑस्ट्रेलिया U19 टीम के भारत दौरे को लेकर भारतीय अंडर-19 टीमों का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया की जूनियर टीम इस दौरे पर भारत के खिलाफ तीन वनडे और दो मल्टी-डे मुकाबले खेलेगी। दोनों फॉर्मेट के लिए भारतीय टीमों की घोषणा कर दी गई है।
इस दौरे के तीनों वनडे और पहला मल्टी-डे मुकाबला राजकोट में खेला जाएगा, जबकि सीरीज का दूसरा मल्टी-डे मैच अहमदाबाद में आयोजित होगा।
वनडे में लक्ष्य रायचंदानी संभालेंगे कमान
वनडे सीरीज के लिए लक्ष्य रायचंदानी को भारतीय अंडर-19 टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि यशबर्धन चौहान उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, मल्टी-डे मुकाबलों में दोनों खिलाड़ियों की जिम्मेदारियां बदल दी गई हैं। यशबर्धन चौहान टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान होंगे।
सहवाग और द्रविड़ के बेटों को भी मौका
भारतीय अंडर-19 वनडे टीम में दो ऐसे नाम भी शामिल हैं, जिन पर सभी की नजरें रहेंगी। पूर्व भारतीय विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और भारतीय क्रिकेट के दिग्गज राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को टीम में जगह मिली है।
अन्वय द्रविड़ को विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, आर्यवीर और अन्वय को मल्टी-डे टीम में जगह नहीं मिली है।
आर्यवीर सहवाग हाल ही में दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में वेस्ट दिल्ली लॉयंस की ओर से खेलते नजर आए थे। अब ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
भारत की U19 वनडे टीम
लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशबर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, वी.के. विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी. यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट और काव्या पटेल।
ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ यह दौरा भारतीय युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मंच होगा। खासकर आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ जैसे खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर क्रिकेट फैंस की निगाहें रहेंगी।


