सरे (कनाडा): मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के मामले में स्थानीय पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। ब्रिटिश कोलंबिया की प्रोविंशियल एक्सटॉर्शन रोधी टास्क फोर्स ने कार्रवाई करते हुए सरे शहर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय प्रदीप सिंह और 22 वर्षीय सवीर खान के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गोलीबारी और संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
खुलने के कुछ ही महीनों में तीन बार बनाया निशाना
कपिल शर्मा ने जुलाई 2025 में कनाडा के सरे शहर में ‘कप्स कैफे’ की शुरुआत की थी। कैफे खुलने के कुछ ही समय बाद यह उपद्रवियों और जबरन वसूली गिरोहों के निशाने पर आ गया:
-
10 जुलाई 2025: कैफे पर पहली बार अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की।
-
7 अगस्त 2025: ठीक एक महीने बाद दोबारा गोलियां चलाई गईं।
-
16 अक्टूबर 2025: हमलावरों ने तीसरी बार कैफे पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं।
तीसरी घटना के समय कैफे ग्राहकों के लिए बंद था, लेकिन अंदर दो कर्मचारी मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए। हालांकि, गोलियों से इमारत की खिड़कियां और कांच पूरी तरह चकनाचूर हो गए थे।
जबरन वसूली से जुड़ा मामला, गोल्डी ढिल्लों गिरोह पर शक
पुलिस जांच में सामने आया कि ये हमले रंगदारी और जबरन वसूली के मकसद से किए जा रहे थे। इस मामले में गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के गिरोह का नाम सामने आया था और सोशल मीडिया पर इन हमलों की जिम्मेदारी लेने के दावे भी किए गए थे।
गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों पर कैफे पर हमले के अलावा 12 अक्टूबर 2025 को सरे के ही एक रिहायशी मकान पर गोलीबारी करने का भी आरोप है, जिसमें एक महिला घायल हो गई थी। पुलिस ने दोनों वारदातों के तार जुड़ने के बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया।
पहले भारत में भी हो चुकी है गिरफ्तारी
इस अंतरराष्ट्रीय रंगदारी नेटवर्क से जुड़े मामलों में पहले भारत में भी कार्रवाई हो चुकी है। नवंबर 2025 में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पंजाब के लुधियाना से बंधु मान सिंह सेखों नामक आरोपी को गिरफ्तार किया था। कनाडाई सुरक्षा एजेंसियां अब पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हैं।


