HomePunjabपंजाब: जेल में बंद पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने किया 2027...

पंजाब: जेल में बंद पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने किया 2027 का विधानसभा चुनाव न लड़ने का एलान, सोशल मीडिया पोस्ट से गरमाई सियासत

तरनतारन: वेयरहाउस के डीएम आत्महत्या मामले में जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता लालजीत सिंह भुल्लर ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 न लड़ने की घोषणा की है। यह संदेश उनके आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर साझा किया गया, जिसके बाद पट्टी हलके की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसके साथ ही यह सवाल भी उठने लगा है कि जेल में बंद होने के दौरान उनका इंटरनेट मीडिया अकाउंट कौन संचालित कर रहा है।
लालजीत भुल्लर के पेज पर जारी पोस्ट में लिखा गया:
“वाहेगुरु जी, दास ने पट्टी हलके के भाई-बहनों की ओर से पार्टी द्वारा एक बार फिर चुनाव लड़वाने की इच्छा के बारे में सुना है, लेकिन दास ने चुनाव न लड़ने का निर्णय लिया है। दास पट्टी हलके के सभी भाई-बहनों का दिल की गहराइयों से धन्यवाद करता है और दास आपकी भावनाओं के आगे, आपके चरणों में सिर झुकाता है। दास पट्टी हलके के सभी भाई-बहनों का सारी जिंदगी ऋणी रहेगा। जिन भाई-बहनों ने दास का हर समय साथ दिया, सबका बहुत-बहुत धन्यवाद।”

2022 में आदेश प्रताप सिंह कैरों को हराकर बने थे विधायक

लालजीत सिंह भुल्लर ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में पट्टी सीट से अकाली दल के दिग्गज नेता व पूर्व मंत्री आदेश प्रताप सिंह कैरों को हराकर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्हें राज्य की ‘आप’ सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। हालांकि, डीएम गगनदीप सिंह रंधावा आत्महत्या मामले में नामजद होने के बाद उन्होंने जांच प्रभावित न होने का हवाला देते हुए कैबिनेट पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे तुरंत स्वीकार कर लिया गया था। बाद में लुधियाना से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था।

पट्टी हलके में बदले सियासी समीकरण

भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने शुरुआत में पट्टी हलके की जिम्मेदारी उनकी पत्नी सुरिंदर पाल कौर भुल्लर को सौंपी थी, लेकिन बाद में पहलवान जसकवर सिंह जस्सा को हलका इंचार्ज नियुक्त कर दिया गया। हाल ही में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए पूर्व विधायक रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा और पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की बैठक के बाद से इलाके में सियासी समीकरण तेजी से बदले हैं।
कुछ दिन पहले ही पट्टी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्यों, सरपंचों और पंचों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हलका इंचार्ज जसकवर सिंह जस्सा का विरोध जताया था और आगामी चुनाव में भुल्लर परिवार को ही टिकट देने की मांग की थी।
मौजूदा समय में हलका इंचार्ज जसकवर सिंह जस्सा द्वारा 16 नवंबर को पट्टी के गांव सबरा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की एक बड़ी रैली की तैयारियां की जा रही हैं। इस रैली से ठीक पहले पूर्व मंत्री की इस घोषणा ने पट्टी विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक माहौल में नया उबाल ला दिया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments