कनाडा (हैल्टन): कनाडा की हैल्टन रीजनल पुलिस सर्विस ने बर्लिंगटन क्षेत्र में एक महिला के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में भारतीय मूल के 25 वर्षीय मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी के शिकार कुछ अन्य लोग भी हो सकते हैं, जिसे देखते हुए उसकी तस्वीर जारी कर जनता से जानकारी मांगी गई है।
क्या है पूरा मामला? पुलिस के अनुसार, घटना 16 जून 2026 की शाम लगभग 5:15 बजे बर्लिंगटन रेलवे स्टेशन की दक्षिणी पार्किंग की है। आरोपी मनदीप सिंह, जो एक राइड-शेयरिंग (किराए के वाहन) चालक के रूप में काम कर रहा था, वहां मौजूद एक महिला के पास आया और बातचीत शुरू की। आरोप है कि इसी दौरान उसने महिला का उत्पीड़न किया।
महिला खुद को बचाकर पास की एक दुकान की तरफ भागी, लेकिन आरोपी पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया और दोबारा उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना में महिला को कोई गंभीर शारीरिक चोट नहीं आई है।
जांच और गिरफ्तारी शिकायत मिलने के बाद ‘चाइल्ड एब्यूज एंड सेक्सुअल असॉल्ट यूनिट’ ने मामले की छानबीन शुरू की। पहचान होने के बाद 26 जुलाई 2026 को एटोबिकोक निवासी मनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उसे जमानत की सुनवाई तक न्यायिक हिरासत में रखा गया है।
पुलिस की अपील और सख्त संदेश चुंकी आरोपी एक कमर्शियल ड्राइवर है, पुलिस को आशंका है कि उसने अन्य यात्रियों या महिलाओं को भी निशाना बनाया हो सकता है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से जुड़ी जानकारी है या कोई अन्य व्यक्ति भी इसका शिकार हुआ है, तो वह बेझिझक पुलिस या गुप्त रूप से (Anonymously) क्राइम स्टॉपर्स से संपर्क करे।


