चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक दिनेश चड्ढा ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए उसके राजनीतिक रवैये और नेताओं के कथित माइनिंग कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक तरफ ‘मोहब्बत की दुकान’ चलाने की बात करती है, लेकिन पार्टी के भीतर माफिया तत्वों को संरक्षण दिया जा रहा है।
चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिनेश चड्ढा ने दलित नेता रणजीत सिंह तरखान माजरा पर हुए हमले का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित समुदाय इस घटना के विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन कर रहा है, जबकि हमले के आरोपी बताए जा रहे नेता राहुल गांधी के साथ मंच साझा कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप इस मामले पर चुप क्यों है?
चड्ढा ने कांग्रेस नेता बरिंदर सिंह ढिल्लों के कथित माइनिंग कारोबार और वित्तीय लेन-देन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि ढिल्लों ने कम उम्र में बड़ी संपत्ति बनाई और उनका पंजाब के कई बड़े माइनिंग कॉन्ट्रैक्टरों के साथ वित्तीय जुड़ाव रहा है।
आप विधायक ने ढिल्लों के 2017 के चुनावी हलफनामे का हवाला देते हुए कहा कि उसमें कई माइनिंग कॉन्ट्रैक्टरों और कंपनियों के साथ वित्तीय लेन-देन और निवेश का जिक्र है। चड्ढा के मुताबिक, इनमें ऐसे ठेकेदारों के नाम भी शामिल हैं, जिन पर अवैध माइनिंग और गुंडा टैक्स जैसे गंभीर आरोप लग चुके हैं।
उन्होंने दावा किया कि कुछ माइनिंग कॉन्ट्रैक्टरों को सैकड़ों करोड़ रुपये के जुर्माने का सामना करना पड़ा है। इनमें एक मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) की ओर से 650 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाए जाने का भी जिक्र किया।
दिनेश चड्ढा ने कहा कि बरिंदर ढिल्लों 29 साल की उम्र में 60 एकड़ की माइनिंग साइट से कैसे जुड़े और इतनी संपत्ति कैसे अर्जित की, इसका जवाब कांग्रेस नेतृत्व को देना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ढिल्लों ने 2013 में कॉन्ट्रैक्टिंग कारोबार शुरू किया था और 2013 से 2022 के बीच पंजाब के बड़े माइनिंग ठेकेदारों के साथ वित्तीय साझेदारी बनाए रखी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में चड्ढा ने अपने पुराने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने 2014 में रोपड़ में कथित गुंडा टैक्स के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनके अनुसार, इस दौरान उनके खिलाफ हत्या के प्रयास यानी IPC की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने कांग्रेस पर दलित समुदाय के साथ दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि रणजीत सिंह तरखान माजरा का पार्टी के लिए लंबा योगदान रहा है, लेकिन इसके बावजूद उनके मामले में न्याय की मांग को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
दिनेश चड्ढा ने राहुल गांधी से सीधे सवाल करते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने नेताओं की संपत्ति, कारोबार और आय के स्रोतों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने बरिंदर ढिल्लों के कथित माइनिंग कारोबार, वित्तीय लेन-देन और संपत्ति की सीबीआई जांच करवाने की मांग की।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि दो बार चुनाव हारने के बावजूद बरिंदर ढिल्लों को रोपड़ में कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र का इंचार्ज क्यों बनाए रखा गया है। चड्ढा के मुताबिक, यह कांग्रेस के भीतर कथित माइनिंग माफिया के प्रभाव को दर्शाता है।
अंत में आप विधायक ने कहा कि पंजाब में एक तरफ दलित समुदाय इंसाफ की मांग कर रहा है, जबकि दूसरी तरफ कांग्रेस पर माफिया से जुड़े लोगों को राजनीतिक संरक्षण देने के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस की वरिष्ठ लीडरशिप से पूरे मामले पर जवाब देने की मांग की।


