कैथल। मतदाता सूची को अपडेट करने और पात्र नागरिकों को इसमें शामिल करने के लिए कैथल में 22-23 अगस्त और 29-30 अगस्त को विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिला उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपराजिता के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस अभियान के दौरान संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत पात्र नागरिक 30 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
बीएलओ के पास जमा कराएं जरूरी दस्तावेज
विशेष अभियान के दौरान पात्र नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। जिन लोगों की निर्धारित आयु पूरी हो चुकी है, लेकिन उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेज जमा कर नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इसके अलावा, मतदाता पहचान पत्र या मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य किसी विवरण में गलती होने पर भी बीएलओ के माध्यम से सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे विशेष अभियान का लाभ उठाएं और अपने मतदाता संबंधी विवरण को सही एवं अपडेट करवाएं।


