Punjab Desk: गुरदासपुर के उपायुक्त कार्यालय को बुधवार दोपहर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। करीब दोपहर 1:20 बजे कार्यालय के आधिकारिक ईमेल पते पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को सूचित किया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
धमकी के बाद उपायुक्त कार्यालय की इमारत को तत्काल खाली करवाया गया। कार्यालय में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया।
हर कमरे और आसपास के इलाके की तलाशी
पुलिस टीमों ने कार्यालय के सभी कमरों, दफ्तरों और भवन के अन्य हिस्सों की गहन जांच की। इसके अलावा आसपास के क्षेत्र को भी खंगाला गया और परिसर में आने-जाने वालों पर निगरानी बढ़ा दी गई।
खबर लिखे जाने तक पुलिस की तलाशी के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी। धमकी भरा ईमेल किसने भेजा और इसके पीछे क्या मंशा थी, इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है।


